India News (इंडिया न्यूज़),Rahul Gandhi:कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर भाजपा पर हमला किया है। जहां राहुल गांधी ने कहा कि, 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से भारत में लोकतंत्र कमजोर हो गया है। सब कुछ बदल गया है। भारत में आज आबादी के एक बड़े हिस्से को बोलने की अनुमति ही नहीं है। लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं।

खत्म हो जाएगा लोकतंत्र

आगे राहुल गांधी ने कहा कि, देश के लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं लेकिन अब भी ऐसे बहुत सारे लोग हैं, जो हमारे लोकतांत्रिक ढांचे के लिए लड़ रहे हैं। वे देश का बचाव कर रहे हैं और जिस दिन यह बचाव बंद हो जाएगा, उस दिन में कहूंगा कि भारत में अब लोकतंत्र नहीं बचा। मुझे ऐसा लगता है कि हम यह लड़ाई जीतेंगे। जानकारी के लिए बता दें कि, राहुल गांधी हाल ही में यूरोप के दौरे पर गए थे। जिस दौरान वे नॉर्वे के ओस्लो विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने भारत के लोकतंत्र पर बात की, जिसका वीडियो कांग्रेस ने गुरुवार को जारी किया।

लोकतंत्र की हत्या बर्दाशत नहीं

इसके आगे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि, भारत का कोई भी व्यक्ति लोकतंत्र की हत्या को बर्दाश्त नहीं करेगा। पहला, हम देश के तमाम संस्थानों पर आरएसएस को कब्जा नहीं करने देंगे। दूसरा, देश में दो-तीन व्यावसायिक घरानों के एकाधिकार के कारण देश के 200 मिलियन लोग गरीबी में चले गए, जो अस्वीकार्य है। तीसरा, सरकार को स्वास्थ्य औऱ शिक्षा के क्षेत्र पर अधिक खर्च करना चाहिए। राहुल गांधी ने पीएम मोदी की विचारधारा पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि देश महात्मा गांधी, गौतम बुद्ध और गुरू नानक की विचारधाराओं का देश है। मैं इसके लिए लड़ता हूं। पीएम मोदी सिर्फ एक विचारधारा का बचाव करते हैं, यह स्वीकार्य है।

ये भी पढ़े