Rahul Gandhi reached Amritsar Sri Harmandir Sahib: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अंबाला पहुंचे हैं। वह यात्रा को विराम दे चंड़ीगढ होते हुए अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से राहुल गांधी श्री हरिमंदिर साहिब दर्शन के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कीर्तन में बैठकर भाग लिया। राहुल करीब 45 मिनट के बाद वहां से रवाना हुए हैं।
राहुल गांधी ने पवित्र ब्रह्मसरोवर पर जाकर तीर्थ पूजन व आरती की
इससे पहले उन्होंने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पवित्र ब्रह्मसरोवर पर जाकर तीर्थ पूजन व आरती की। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा ” महाभारत में श्री कृष्ण जी ने फल की चिंता किए बिना कार्य करने के संदेश दिया था, जो आज दुनिया के लिए संदेश बना है। मैं आप सभी कार्यकर्ताओं से कहना चाहूंगा कि ईमानदारी से अपना कार्य कर सच्चाई के मार्ग पर चलते रहें।”
पंजाब में 7 दिन रहेगी भारत जोड़ो यात्रा
ज्ञात हो कि भारत जोड़ो यात्रा का हरियाणा में आज आखिरी दिन है। आज शाम तक यात्रा पंजाब में प्रवेश कर जाएगी। उससे पहले राहुल गांधी अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में माथा टेका है। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा का अगला पड़ाव पंजाब है। पंजाब के बाद यह यात्रा हिमाचल व जम्मू-कश्मीर को जाएगी। 10 जनवरी को शंभू बॉर्डर के माध्यम से ये यात्रा पंजाब में प्रवेश करेगी और सीधे फतेहगढ़ साहिब जाएगी। 11 जनवरी को गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकेंगे। साथ ही भारत जोड़ो यात्रा सात दिनों तक पंजाब में रहेगी और जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होने से पहले समापन के दिन पठानकोट में एक मेगा-रैली का आयोजन किया जाएगा।