India News (इंडिया न्यूज), Ram Mandir Pran Pratishtha: यूपी के अयोध्या राम मंदिर के प्रथम तल पर राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके साथ ही सात मंदिरों में भगवान की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा भी की गई। गंगा दशहरा पर गुरुवार को भगवान रामेश्वरम की स्थापना के शुभ अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11:30 से 12 बजे के बीच सभी मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलग-अलग संतों से नेत्र मिला कर भगवान के स्वरूप की प्रथम आरती की। इसके साथ ही तीन दिवसीय अनुष्ठान का समापन हो गया।
प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का मुख्य उत्सव मनाया गया
राम मंदिर के दूसरे प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का मुख्य उत्सव गुरुवार को मनाया गया। इसके लिए पूरे परिसर को फूल-मालाओं से सजाकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई। राम दरबार में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री योगी सभी सात मंदिरों में भी पूजा-अर्चना करेंगे। मुख्यमंत्री और संतों के साथ करीब एक हजार विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया। मुख्यमंत्री के साथ चुनिंदा अतिथियों के ठहरने के लिए तीन अलग-अलग पंडाल बनाए गए हैं। इस भोज में अयोध्या के संत-महंतों के साथ ही सभी ट्रस्टी और जनप्रतिनिधि, विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोग शामिल होंगे।
CM योगी करेंगे रामनगरी का दौरा
आपकी जानकारी के लिए बता दें , राम मंदिर परिसर के बाद सीएम योगी हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वो राम कथा पार्क पहुंचेंगे, जहां वो अयोध्या नगर निगम के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में नगर निगम की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा और सफाई मित्रों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री सरयू नदी के तट पर पहुंचेंगे, जहां वह सरयू महोत्सव का उद्घाटन करेंगे और सरयू पूजन में हिस्सा लेंगे। वहां से वह मणिराम दास छावनी जाएंगे, जहां वह श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे।