India News (इंडिया न्यूज), Rajpal Singh Yadav Passed Away: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के चाचा राजपाल सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद गुरुवार (9 जनवरी, 2025) को सुबह 4 बजे निधन हो गया। राम गोपाल यादव ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। जानकारी के अनुसार, मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई राजपाल का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई में किया जाएगा। राम गोपाल यादव ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लिखा- बड़े दुख के साथ सूचित कर रहा हूं कि, मेरे छोटे भाई राजपाल सिंह का आज सुबह 4 बजे गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में असामयिक निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर मेरे पैतृक गांव सैफई में किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति!
राजपाल सिंह यादव का निधन
हम आपको जानकारी के लिए बता दें कि, अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव 5 भाई थे। इन 5 भाइयों में से राजपाल सिंह यादव चौथे नंबर पर आते हैं। बताते चलें कि, राजपाल सिंह यादव खुद राजनीति में सक्रिय नहीं थे। वे परिवार की देखभाल करते थे। उनके बेटे अंशुल यादव राजनीति में सक्रिय हैं और इटावा के जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। चाचा राजपाल यादव के निधन की खबर मिलते ही अखिलेश यादव और सपा नेता व कार्यकर्ता सैफई के लिए रवाना हो गए। हालांकि, राजपाल की पत्नी प्रेमलता यादव भी राजनेता रही हैं। प्रेमलता ने साल 2005 में राजनीति में कदम रखा था। वह राजनीति में उतरने वाली यादव परिवार की पहली महिला थीं।