India News (इंडिया न्यूज), PM Modi Threat Call : गुरुवार को उस वक्त मुंबई पुलिस के कान खड़े हो गए जब कंट्रोल रूम में फोन कर कहा गया कि पीएम मोदी को जान से मारने का पूरा प्लान तैयार है। इस कॉल के बाद मुंबई से लेकर दिल्ली तक हड़कप मच गया। आनन फानन में एसपीजी और मुंबई पुलिस कॉल की जांच में जुट गई। कुछ ही देर में कॉल को ट्रेस करके एक महिला को हिरासत में लिया गया। जानकारी के मुताबिक अंबोली थाना क्षेत्र में रहने वाली 34 साल की महिला मानसिक रूप से अस्थिर है। पुलिस के मुताबिक उसने शरारत में फोन किया था।
मुंबई पुलिस के अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को शहर के पुलिस कंट्रोल रूम में धमकी भरा कॉल आया था। इसके तुरंत बाद ही एक्शन में आते हुए फोन को ट्रेस किया गया। कॉल करने वाले का पता पश्चिमी उपनगरों के अंबोली में ट्रेस किया गया। मामले में केस दर्ज कर मुंबई पुलिस की एक टीम ने हिरासत में ले लिया।
6 साल में मिल चुकी हैं 3 धमकियां
मुंबई पुलिस को आए धमकी भरे कॉल के अलावा, पहले भी 3 बार पीएम मोदी को जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। 2018 से लेकर 2023 तक धमकियां मिली हैं। साल 2018 में महाराष्ट्र के मोहम्मद अलाउद्दीन खान नाम के शख्स ने फेसबुक पेज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो जान से मारने की धमकी दी थी। उसने खुद को आतंकी संगठन जैश-ए -मोहम्मद का सदस्य बताते हुए देश के पांच प्रमुख शहरों में विस्फोट करने की बात कही थी। शख्स ने प्रतिबंधित संगठन ISIS के झंडे की फोटो भी डाली थी।
इसके अलावा 2022 में PM मोदी को जेवियर नाम के एक शख्स ने धमकी दी थी। धमकी में केरल भाजपा अध्यक्ष के. सुरेंद्रन को भेजे खत में जान से मारने की धमकी देते हुए लिखा था- मोदी का हाल राजीव गांधी जैसा होगा। उस वक्त PM केरल दौरे पर जा रहे थे। बाद में पुलिस ने धमकी देने वाले को अरेस्ट कर लिया था।
2023 में हरियाणा के एक शख्स ने वीडियो वायरल करते हुए मोदी को गोली मारने की धमकी दी थी। वीडियो में उसने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी मेरे सामने आ जाएं तो मैं गोली मार दूंगा।