India News (इंडिया न्यूज),Weather Update:उत्तर भारत के राज्यों में एक बार फिर भीषण गर्मी पड़ने वाली है। पिछले सप्ताह तक तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहे मानसून के ब्रेक लेने से मैदानी इलाकों में मौसम फिर से गर्म होने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ और बारिश की कमी के चलते तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।
दिल्ली में सूरज उगलेगा आग
जैसा कि अनुमान था देश की राजधानी शनिवार को सूरज ने आग उगलना शुरू कर दिया है। अगले तीन-चार दिनों तक सूरज की यह तपिश बढ़ती रहेगी। इस दौरान तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। शनिवार को कई जगहों पर तापमान जून में पहली बार 40 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा। हवा में नमी का स्तर 39 से 77 फीसदी तक रहा। कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री के स्तर को छू गया। पालम का अधिकतम तापमान 40.7, आया नगर का 41.2 और फरीदाबाद का 39.5 डिग्री रहा। पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को आसमान साफ रहेगा। तेज धूल भरी हवाएं चलेंगी। इनकी रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 27 डिग्री रह सकता है। 9 और 10 जून को तेज धूल भरी हवाएं भी चलेंगी। इनकी गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। दोनों दिन अधिकतम तापमान 41 से 44 और न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री रह सकता है। इसके बाद 11 से 13 जून के बीच हवाओं की गति धीमी हो जाएगी। 12 और 13 जून को आंशिक बादल देखने को मिल सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री रहेगा। न्यूनतम तापमान भी 26 से 29 डिग्री रह सकता है। यानी 13 जून तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
यूपी के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, हालांकि अगले 5 दिनों तक मौसम गर्म रहने वाला है। आने वाले दिनों में आगरा, रायबरेली, झांसी, बांदा, ललितपुर, चित्रकूट, गाजीपुर, जौनपुर, महोबा, प्रतापगढ़, कानपुर, कन्नौज, हाथरस, अलीगढ़ और लखनऊ समेत अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने वाला है। बिहार में अगले सप्ताह से बारिश की संभावना है। जून के मध्य में यहां भारी बारिश हो सकती है।
पहाड़ों में बारिश की संभावना
उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में भी मौसम तेजी से बदलने वाला है। यहां भारी बारिश की संभावना है, हालांकि पहाड़ों में अभी भी तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। उत्तराखंड में पहाड़ी इलाकों में धूप निकलने से गर्मी महसूस की जा रही है। वहीं हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा, सिरमौर और मंडी जिलों में गर्मी बढ़ेगी। 12-13 जून 2025 को कई इलाकों में बारिश की संभावना है।
उमस भरी गर्मी में क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
- दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर जाने से बचें
- प्यास न लगने पर भी जितना हो सके पानी पिएं
- हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें
- चश्मा, छाता, टोपी, जूते पहनें
- बाहर जाते समय पानी की बोतल साथ रखें
- चाय, कॉफी, कार्बोनेटेड शीतल पेय और शराब पीने से बचें
- अधिक प्रोटीन वाला खाना खाने से बचें
- बच्चों और पालतू जानवरों को पार्क की गई गाड़ी में न छोड़ें
- अगर आप बीमार या कमज़ोर महसूस कर रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह लें
- ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी, चावल का पानी, छाछ आदि का सेवन करें
- जानवरों को छाया में रखें और उन्हें पर्याप्त पानी पिलाएं
- घर को ठंडा रखने के लिए पर्दे का इस्तेमाल करें
- व्यायाम जैसी ज़ोरदार बाहरी गतिविधियों से बचें
- नंगे पैर न रहें
- दोपहर में खाना पकाने से बचें, रसोई में काम करते समय दरवाज़े और खिड़कियाँ खुली रखें