India News (इंडिया न्यूज़), Weather Update, नई दिल्ली: मौसम विभाग ने देश के अधितकर इलाकों में हीटवेव की संभावना को देखते हुए गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ तट के लिए चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ को लेकर चेतावनी जारी की है।
IMD के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ के गुजरात के कच्छ जिले और पाकिस्तान के कराची तट के बीच 15 जून को पहुंचने की आशंका है। वहीं, मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई हिस्सों में रविवार को रात में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों में अलग-अलग जगहों पर 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बारिश के चलते इन राज्यों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने केरल में 5 दिनों तक भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। 11 जून को कोझिकोड, अलप्पुझा, मलप्पुरम एर्नाकुलम और त्रिशूर के लिए और कोझिकोड और कन्नूर में 12 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार की सुबह IMD ने एक विज्ञप्ति में कहा, सौराष्ट्र तट के साथ 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। वहीं असम में 5 दिनों के लिए भारी बारिश की संभावना है। रविवार और सोमवार के लिए गुवाहाटी के मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट व मंगलवार से लेकर गुरुवार तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
पूर्वोत्तर राज्यों जैसे- मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, नगालैंड और मणिपुर में भी भारी बारिश होने की संभावना है। एक तरफ इन राज्यों में बारिश की संभावना जताई जा रही हैं। दूसरी तरफ देश के कई राज्यो में हीटवेव की स्थिति भी बनी हुई है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में लू की स्थिति बनी है। IMD ने वहां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। इन क्षेत्रों में तटीय तेलंगाना और आंध्र प्रदेश भी लू के प्रभाव में आ रहे हैं।
राजधानी में कैसा रहेगा मौसम का हाल
वहीं दिल्ली के मौसम की बात करें तो आने वाले 3-4 दिनों तक तापमान में अधिक वृद्धि की संभावना है। सोमवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवा की गति रहेगी। साथ ही आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में 15-16 तारीख को राजधानी दिल्ली में हल्की वर्षा हो सकती है।
हरियाणा में पल-पल करवट ले रहा मौसम
इसके अलावा हरियाणा में पल-पल मौसम करवट ले रहा है। IMD के मुताबिक पश्चिम व दक्षिण-पश्चिम हरियाणा में 12 जून को छोड़ बाकी हरियाणा के जिलों में बारिश के आसार हैं। 15 जून तक हरियाणा का मौसम करवट बदलता रहेगा। विज्ञानियों की ओर से बताया गया है कि ऐसे मौसम के चलते तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।