India News (इंडिया न्यूज), Charles Sobhraj: नेटफ्लिक्स पर हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘ब्लैक वारंट’ चर्चा में है। अगर आपने अबतक नहीं देखा तो आपको बतातें चलें कि, यह सीरीज दिल्ली के तिहाड़ में जेलर रहे सुनील गुप्ता की कहानी है। इस पूरे वेब सीरीज में सुनील गुप्ता के तिहाड़ में शामिल होने, जेल सिस्टम, जेल में गैंगवार और जेल सुधार की कहानी दिखाई गई है। लेकिन इन सबसे अलग ‘बिकिनी किलर’ चार्ल्स शोभराज के किरदार ने दर्शकों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है। सीरीज में दिखाया गया है कि कैसे उसे ‘सुपर आईजी’ कहा जाता था और जेलर से लेकर कैदी तक सभी उससे प्रभावित थे।
चार्ल्स शोभराज का तिहाड़ में चलता था सिक्का
‘लल्लनटॉप’ को दिए इंटरव्यू में तिहाड़ के पूर्व जेलर सुनील गुप्ता ने बताया कि चार्ल्स शोभराज का दबदबा जेल में था। अपने कार्यकाल को याद करते हुए सुनील गुप्ता ने बताया कि उसे लेडी किलर भी कहा जाता था। उस समय तिहाड़ में आईजी सिस्टम था और उसे जेल में मौजूद आईजी से ज्यादा ताकतवर माना जाता था, इसीलिए उसे ‘सुपर आईजी’ कहा जाता था। यहां तक कि उसने सुनील गुप्ता को जेल में नौकरी दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई थी, जिसे वेब सीरीज में भी दिखाया गया है।
क्यों कहलाया लेडी किलर?
चार्ल्स शोभराज के बारे में जानकारी देते हुए सुनील गुप्ता ने कहा कि, चार्ल्स शोभराज काफी प्रभावशाली था, उसके बोलने के तरीके से लेकर उसकी कद-काठी तक, वह पहली नजर में ही सबको अपने जाल में फंसा लेता था। उनका कहना है कि जब चार्ल्स तिहाड़ में था, तब उसके खिलाफ दो हत्या के मामले चल रहे थे। भारत में वह सबसे ज्यादा अपराध गोवा में करता था और उसका निशाना विदेशी लड़कियां होती थीं। वह किसी को भी प्रभावित कर सकता था और इसीलिए लड़कियां उसका आसान निशाना होती थीं। पूर्व जेलर ने बताया कि चार्ल्स पहले विदेशी लड़कियों से दोस्ती करता, फिर उन्हें डिनर पर बुलाता, जिसके बाद उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर देता। इसके बाद वह उनके साथ दुष्कर्म करता, इतना ही नहीं, वह उनका कीमती सामान लेकर भाग जाता था। इसीलिए उसे ‘लेडी किलर’ भी कहा जाता था।
जेल में आने वाली लड़कियों को इस तरफ करता था सम्मोहित
तिहाड़ के पूर्व जेलर गुप्ता ने बताया कि चार्ल्स जेल में रहने के दौरान भी मिलने आने वाली लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था। जिस दिन जेल में कोई महिला उससे मिलने आती थी, चार्ल्स नए कपड़े, जूते, चश्मा और परफ्यूम लेकर तैयार रहता था। उसे ये सब बहुत पसंद था और जेल में उसका कमरा जूतों और कपड़ों से भरा रहता था, जो उस समय गैरकानूनी नहीं था। उसने बताया कि ये साल 1981-82 की बात होगी, जब मैं डिप्टी जेलर था, तब चार्ल्स मेरे कमरे में महिलाओं से मिलता था।
पहली बार कब गिरफ्तार हुआ था चार्ल्स?
चार्ल्स अपनी कहानी उससे मिलने आने वाली महिला को बताता था, वो इतना तेज परफ्यूम लगाता था कि मैं दूर बैठे-बैठे भी उसकी खुशबू सूंघ सकता था। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, चार्ल्स को देश में पहली बार 1972 में गिरफ्तार किया गया था, जब उसने दिल्ली के अशोका होटल में एक ज्वेलरी शॉप से गहने चुराए थे। उसने होटल की एक डांसर को अपने जाल में फंसाकर इस चोरी को अंजाम दिया था। लेकिन भागते वक्त वो अपना पासपोर्ट कमरे में भूल गया था, जिसकी वजह से बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, पुलिस चार्ल्स को ज्यादा समय तक तिहाड़ में नहीं रख पाई और वो पेट दर्द का बहाना बनाकर अस्पताल में भर्ती हो गया और वहां से फरार हो गया। इसके बाद 1976 में दिल्ली में एक विदेशी पर्यटक का पासपोर्ट छीनने में विफल रहने पर उसे दूसरी बार गिरफ्तार किया गया।
शुरू हुआ महाकुंभ का तीसरा अमृत स्नान, त्रिवेणी में पवित्र डुबकी लगा रहे अखाड़े
कैसे बना बिकिनी किलर?
आपको जानकारी के लिए बता दें कि, चार्ल्स शोभराज अपना हुलिया बदलने में माहिर था और विदेशी महिलाओं को अपना निशाना बनाता था। भारत और नेपाल समेत कई देशों में उसके खिलाफ दर्जनों हत्या के मामले दर्ज हैं। शोभराज को 1976 में दिल्ली में गिरफ्तार किया गया था। उसे दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा गया था। वह दो बार पुलिस हिरासत से भाग चुका था। माना जाता है कि 1970 के दशक में चार्ल्स शोभराज ने 15 से 20 लोगों की हत्या की थी। एक बार दो महिलाओं के शव मिले थे और उन्होंने केवल बिकिनी पहनी हुई थी। इसके बाद चार्ल्स शोभराज को ‘बिकिनी किलर’ कहा जाने लगा।
चार्ल्स शोभराज ने करीब 20 साल तिहाड़ जेल में बिताए और 17 फरवरी 1997 को रिहा हुआ। लेकिन 6 साल बाद 2003 में उसे नेपाल से गिरफ्तार किया गया और करीब 19 साल बाद उसे वहां से रिहा किया गया। इसके बाद चार्ल्स को फ्रांस भेज दिया गया, जहां वह अभी भी रहता है। उसका जन्म 6 अप्रैल 1944 को वियतनाम में हुआ था और उस समय यह देश फ्रांस के कब्जे में था, इसलिए उसके पास यहां की नागरिकता थी।
मौसम ने मारी पलटी, MP में छाई घने कोहरे की चादर, बादल और बूंदाबादी का भी अलर्ट जारी