India News (इंडिया न्यूज), New Delhi Railway Station Stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई भगदड़ में 18 लोगों की जान चली गई। देर रात तक रेलवे आधिकारिक तौर पर यह नहीं बता पाया कि इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है। फिलहाल मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच टीम गठित की गई है। जानकारी के मुताबिक, न तो रेलवे अधिकारी और न ही आरपीएफ अधिकारी भीड़ का अंदाजा लगा पाए। बता दें, नई दिल्ली संवेदनशील रेलवे स्टेशनों में से एक है। यहां हर रोज पांच लाख से ज्यादा लोग सफर करते हैं। इस घटना में अपनी जान बचा पाए एक शख्स ने ऐसा बयान दिया है, जिससे पूरा सिस्टम कटघरे में खड़ा हो गया है।
चश्मदीद ने क्या बताया?
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज जा रहे संगम विहार के जाने वाले हीरालाल महतो ने बताया कि, हमलोग 7 लोग हैं, बड़ी मुश्किल से प्लेटफॉर्म तक पहुंचे हैं। उसी भीड़ में हमलोग आ रहे थे। उन्होंने अपने बयान में बताया कि, इतनी भीड़ में कोई देखने वाला नहीं था, कोई संभालने वाला नहीं था। अनाउंसमेंट के बाद ये सब हुआ है। 16 से 12 और 12 से 16 नंबर प्लेटफॉर्म की तरफ लोग भाग रहे थे। बीच में ही लोग आपस में टकरा गए। इसी दौरान भगदड़ मच गई। कितने लोग मरे हैं, इसका पता नहीं। कुछ लोग ले गए उठा-उठा के। जब रिपोर्टर ने सवाल किया कि, अभी स्थिति कैसी है तो इसपर हीरालाल महतो ने कहा कि, अब तो प्रशासन आ गए हैं। उस समय यहां पर कोई प्रशासन नहीं था।झाड़ू भी लग गए और सब कुछ साफ भी हो गया।
पुल के ऊपर ही घायल हुए हैं लोग
आगे उन्होंने बताया कि, लोग पुल के ऊपर ही घायल हुए हैं। वहीं से उठाकर लेकर चले गए हैं।एक घंटे के बाद प्रशासन आई है। उस समय कोई प्रशासन नहीं था। भीड़ बहुत तगड़ी थी। अब हम घर लौटकर जा रहे हैं। क्या करेंगे जब यहां ऐसा हादसा हुआ तो पता नहीं आगे क्या होगा। अब यहां से ट्रेन नहीं मिल रही है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्थिति सामान्य है। प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रही है।