India News (इंडिया न्यूज), Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट बदली है। पिछले 24 घंटों में दिल्ली-एनसीआर में तेज ठंडी हवाएं चलीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लोगों को ऐसा लगा जैसे ठंड फिर से लौट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर और बढ़ गया है। बीते दिन हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से लेकर भारी बर्फबारी हुई, जिससे कई सड़कें बंद हो गईं और यातायात प्रभावित हुआ।
दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाओं का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, 4 मार्च को पूरे दिन दिल्ली-एनसीआर में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज ठंडी हवाएं चलीं, जिससे अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान भी 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम रहा। हवा में नमी का स्तर 22% दर्ज किया गया। आज यानी 4 मार्च को दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। हालांकि आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप निकलने से हल्की राहत मिलेगी।
हिमाचल के कुछ इलाकों में हुई बर्फबारी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 6 से 9 मार्च के बीच सुबह हल्का कोहरा रह सकता है, लेकिन दिन में मौसम साफ रहेगा। 8 और 9 मार्च को बादल छाने की भी संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश के चंबा और कुल्लू में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि लाहौल-स्पीति और किन्नौर में भारी बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को बेवजह यात्रा न करने की सलाह दी है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 4 और 5 मार्च को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आंधी-तूफान के साथ बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। 9 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके चलते होली के दौरान भी उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश समेत दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग ने पंजाब और हरियाणा के लिए भी अलर्ट जारी किया है। 9 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के असर से इन राज्यों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अलावा कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
हिमानी हत्याकांड के बाद एक और सनसनीखेज मामला! 1 मार्च से था लापता, रोहतक की झाड़ियों में मिला शव