India News(इंडिया न्यूज),CM Yogi: गुरुवार को विधानसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी विधानसभा में सपा-कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इन लोगों ने देश की जनता को धोखा दिया है। इन लोगों ने संविधान बदलने की बात करके लोगों को गुमराह किया है, लेकिन काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। 2027 के चुनाव में खटाखट करने वालों को हम सफाचट कर देंगे।
सपा-कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को गुमराह किया है-सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार को 10 साल हो गए लेकिन आज तक संविधान नहीं बदला जा सका। सपा-कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को गुमराह किया है। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर देश के लोकतंत्र को कुचला। आज सपा के लोग उनसे हाथ मिलाकर संविधान बचाने की बात कर रहे हैं। इसका जवाब 2027 में मिलेगा।
विकास योजनाओं का विस्तार से किया वर्णन
इस दौरान उन्होंने सदन में पेश 12 हजार 209 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट पर चर्चा की और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि यूपी के सपनों को पूरा करने के लिए यह बजट जरूरी है। इस साल पेश मूल बजट का 40 फीसदी हिस्सा अलग-अलग विभागों को आवंटित किया गया है। वहीं, 20 प्रतिशत खर्च हो चुका है।
प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद-सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह हमारे प्रयासों का ही नतीजा है कि आज यूपी की अर्थव्यवस्था देश में दूसरे स्थान पर है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय भी बढ़ी है और देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में भी प्रदेश ने मदद की है। 2017 से पहले प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था लेकिन अब प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बना है, यही वजह है कि प्रदेश में 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 16 से 20 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर लाने में हम सफल हुए हैं। इससे प्रदेश में सात लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है।
पीएम मोदी ने नए भारत की परिकल्पना दिखाई है-सीएम योगी
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने नए भारत की परिकल्पना दिखाई है। पिछले 10 वर्षों में देश की प्रति व्यक्ति आय और जीडीपी में बढ़ोतरी हुई है। 2014 से पहले भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी, जो अब दुनिया में पांचवें स्थान पर आ गई है। अगले तीन सालों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। हम लगातार कार्ययोजना पर काम कर रहे हैं, ताकि उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था के विकास में अहम योगदान दे सके। हमारा मानना है कि भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में यूपी अहम योगदान देगा।
अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा-सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या में 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में मोईद खान को गिरफ्तार किया गया है, वह सपा का नेता है। ऐसे लोगों को भुगतना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं यहां नौकरी करने नहीं आया हूं और न ही प्रतिष्ठा के लिए। मठ में इससे ज्यादा प्रतिष्ठा थी। अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पेपर लीक को लेकर कही यह बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा बर्बाद नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस महीने के अंत में 60 हजार पदों के लिए सिपाही भर्ती परीक्षा 10 चरणों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा पारदर्शी होगी। हम युवाओं के भविष्य के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने देंगे।
सीएम योगी ने कहा कि पेपर लीक करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। गुरुवार को विधान परिषद की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू हुई। कार्यवाही के दौरान विपक्षी सदस्यों ने भी हंगामा किया। सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव ने भी विधानसभा में हरिशंकर तिवारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में प्रतिमा के लिए बन रहे फाउंडेशन को जिला प्रशासन ने गिरवा दिया। इस पर सपा सदस्यों ने हंगामा किया।
- Salman Khan House Firing मामले में खुला नया राज, Lawrence Bishnoi ने हत्या के लिए 6 आरोपियों को लाखों में दिए पैसे
- Lebanon Violence: ‘सावधानी बरतें, बाहर कम निकलें…’, भारत ने लेबनान में अपने नागरिकों के लिए क्यों जारी की एडवाजरी?