इंडिया न्यूज़: (Senior Journalist Ved Pratap Vaidik Passes Away) अंतरराष्ट्रीय मामलों के जाने माने विशेषज्ञ और वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक (Ved Pratap Vaidik) का आज यानी 14 मार्च को 78 की उम्र में निधन हो गया है। उनका निधन गुरुग्राम में हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बताया गया कि वो नहाते समय बाथरूम में गिर गए थे। इसके बाद उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस बात की जानकारी उनके करीबी सूत्रों ने दी है।
- वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक का हुआ निधन
- गुड़गांव स्थित अपने घर में अचानक हो गए थे बेहोश
- पीटीआई की हिंदी समाचार एजेंसी ‘भाषा’ के थे संस्थापक-संपादक
घर पर अचानक हो गए थे बेहोश
आपको बता दें कि वेद प्रताप वैदिक के करीबी सूत्रों ने उनके निधन की जानकारी देते हुए बताया कि वैदिक सुबह गुड़गांव स्थित अपने घर में अचानक बेहोश हो गए थे। जिसके बाद तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो गया था।
कईं भाषाओं के थे जानकार
बता दे कि वेद प्रताप वैदिक प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) की हिंदी समाचार एजेंसी ‘भाषा’ के संस्थापक-संपादक थे। वो पहले टाइम्स समूह के समाचार पत्र नवभारत टाइम्स में संपादक (विचार) रहने के साथ ही भारतीय भाषा सम्मेलन के अंतिम अध्यक्ष भी थे।
जानकारी के अनुसार, वेद प्रताप वैदिक का जन्म 30 दिसबंर, 1944 को हुआ था। वो मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले थे। उन्हें कई भाषाएं आती थीं। वो रूसी, फारसी, जर्मन और संस्कृत के जानकार थे। उन्होंने पीएच.डी. के शोधकार्य के दौरान न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी, मास्को के इंस्तीतूते नरोदोव आजी, लंदन के स्कूल ऑफ ओरियंटल एंड एफ्रीकन स्टडीज और अफगानिस्तान की काबुल यूनिवर्सिटी में अध्ययन और शोध किया था।