India News (इंडिया न्यूज), Waqf Amendment Bill: देश में ऐतिहासिक महत्व के 280 स्थानों को लेकर एएसआई और वक्फ के बीच विवाद है। जेपीसी ने अपनी रिपोर्ट में इसका ब्योरा दिया है। वक्फ संशोधन विधेयक पर गठित जेपीसी की ओर से लोकसभा अध्यक्ष को सौंपी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि वक्फ ने एएसआई द्वारा संरक्षित देशभर के 280 स्मारकों पर अपना दावा ठोका है। इसको लेकर विवाद है। जेपीसी की रिपोर्ट में पेज नंबर 586 से 602 तक इसका जिक्र है। आइए जानते हैं वक्फ ने कहां-कहां अपना दावा ठोका है।

उत्तर प्रदेश

यहां वक्फ और सरकार के बीच 36 संरक्षित स्मारकों को लेकर विवाद है। इनमें बांदा की जामा मस्जिद, महोबा की जुमा मस्जिद, शाहाबाद की जामा मस्जिद प्रमुख हैं। इसके अलावा उरई, झांसी, फतेहपुर, बहराइच, गुमटी आदि शहरों में पुरातत्व महत्व के कई स्थानों पर वक्फ का दावा है। इस पर विवाद है। लखनऊ में सीपीएम कर्बला, अमजद अली शाह मकबरा, मलका जहां कर्बला, तालकटोरा कर्बला विवाद के केंद्र हैं। इसके साथ ही लखनऊ की जामा मस्जिद, आसफ-उद-दौला मस्जिद और गाजी उद्दीन का मकबरा भी प्रमुख हैं। इसके अलावा अटाला मस्जिद, लाल दरवाजा, जामा मस्जिद, चार उंगली मस्जिद, खालिस मुखालिश, सारनाथ, जौनपुर में धोरारा मस्जिद जैसी प्रमुख जगहों पर विवाद है।

महाराष्ट्र

यहां कुल 12 संपत्तियों को लेकर सरकार और वक्फ के बीच विवाद है। इनमें अहमदनगर की मक्का मस्जिद, डमरी मस्जिद, चंगेज खान पैलेस, दौलताबाद किला, औरंगजेब का मकबरा, गोंदिया में प्रतापगढ़ किला, बुलढाणा के फतेहखेड़ा में स्थित मस्जिद और औरंगाबाद की प्रसिद्ध बीबी का मकबरा शामिल हैं।

‘आश्रम’ फेम ईशा गुप्ता ने कुंभ में लगाई आस्था की डुबकी, CM योगी को लेकर कही ये बात

बाकी राज्यों की स्थति

  • दिल्ली: वक्फ ने केंद्र सरकार के अधीन एएसआई के 75 स्मारकों पर भी अपनी संपत्ति होने का दावा किया है। इनमें दिल्ली में विवादित संपत्तियों में प्रसिद्ध सफदरजंग मकबरा, फिरोजशाह मकबरा, पंच छतरी, तीन छतरी, पुराना किला, लाल बंगला, जंतर-मंतर के पास स्थित अग्रसेन की बावली शामिल हैं।
  • गुजरात: वक्फ और सरकार के बीच कुल 56 स्मारकों पर विवाद है।
  • जम्मू-कश्मीर: यहां तीन संपत्तियों को लेकर सरकार और वक्फ बोर्ड के बीच विवाद है।
  • कर्नाटक: यहां कुल 53 संपत्तियों को लेकर विवाद है। इनमें बीजापुर में औरंगजेब की पत्नी का मकबरा, बीदर किला, सिकंदर शाह का मकबरा, बीजापुर की मक्का मस्जिद और बहमनी मकबरा शामिल हैं।
  • हरियाणा: हरियाणा में कुल पांच संपत्तियों को लेकर वक्फ और सरकार के बीच विवाद है।
  • मध्य प्रदेश: सागर जिले के धामोनी में बालाजति शाह मस्जिद को लेकर वक्फ और सरकार के बीच विवाद है।
  • राजस्थानः यहां चार संपत्तियों को लेकर सरकार और वक्फ के बीच विवाद है। इसमें अजमेर का अढ़ाई दिन का झोपड़ा, अलाउद्दीन खां का मकबरा शामिल है। इसके अलावा अलवर की लाल मस्जिद और आमेर की जामा मस्जिद विवाद का विषय है।
  • बिहार: यहां भी शाह मखदूम दौला मनेरी और मनेर के इब्राहिम खान की कब्र को लेकर एएसआई और वक्फ के बीच विवाद है।
  • आंध्र प्रदेश: यहां कुरनूल के अब्दुल वहाब खान की कब्र के आसपास की जमीन को लेकर वक्फ और एएसआई के बीच विवाद है।

फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला आर्केस्ट्रा डांसर का शव, पति ने बहन को फोन कर दी जानकारी,जांच में जुटी पुलिस