India News (इंडिया न्यूज़), Weather Forecast, नई दिल्ली: देश के अधिकतर राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। जुलाई के माह में जमकर बादल बरस रहे हैं। सड़कों पर बारिश के कारण कहीं जलभराव है। तो कहीं पर नदी नाले उफान पर हैं। IMD के मुताबिक, बारिश से जुलाई में राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अगले कुछ दिनों के दौरान कर्नाटक, गुजरात और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज बारिश की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
देश की राजधानी दिल्ली में 7 जुलाई तक झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा। जिस कारण तापमान में भी बढ़ोतरी नहीं होगी। आज रविवार 2 जुलाई को दिल्ली में भारी बारिश के साथ-साथ बादल गरजने की भी संभावना है। यहां पर न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 34 जिलों में येलो अलर्ट और 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यूपी के इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रविवार 2 जुलाई से प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम होकर हल्की से मध्यम होने की संभावना है। हालांकि इन राज्यों में 4 जुलाई से फिर से भारी बारिश होने की संभावना है।
ब्रह्मपुत्र नदी का बढ़ा जलस्तर
असम में भारी बारिश के कारण ब्रह्मपुत्र नदी उफान पर बह रही है। वहीं बरपेटा में ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर बढ़ने की वजह से कटान शुरू हो चुका है। जिस वजह से नदी किनारे बसे सैकड़ों लोग खौफ के साये में जीने के लिए मजबूर हो गए हैं। बाढ़ के प्रकोप से बचने के लिए लोग अब अपने घरों से दूर सुरक्षित जगहों पर जा रहे हैं। वहीं मसूरी के सभी नाले भी भारी बारिश के कारण उफान पर हैं। लैंडस्लाइड होने के चलते सड़क पर पहाड़ से मलबा आ गया। जिस कारण कई गाड़ियां फंस गई हैं।
कहां-कहां पर हो रही बारिश?
उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण श्रद्धालुओं और पर्यटकों का जीना मुश्किल हो गया है। लगातार नदियों का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। मानसून सीजन में लैंडस्लाइड की घटनाएं परेशान करने वाली हैं। उत्तराखंड में विभाग ने 5 जुलाई तक कुछ जगहों में ऑरेंज तो कुछ में येलो अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
इसके अलावा तमिलनाडु, असम, कोंकण-गोवा, केरल-माहे, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, कराईकल, बिहार, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में गरज के साथ बारिश होने की आशंका है।
राजस्थान में 40 डिग्री से ज्यादा तापमान की संभावना
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, लद्दाख, झारखंड, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, मराठवाड़ा और पश्चिम राजस्थान में तेज गरज के साथ छिटपुट बारिश की उम्मीद है। वहीं राजस्थान की कुछ जगहों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है।
Also Read: Petrol-Diesel के ताजा भाव हुए जारी, जानें आपके शहर में बदले हैं दाम?
Also Read: आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में शुरू हुआ तीन दिवसीय शाकंभरी महोत्सव, सब्जियों और फलों से देवी को सजाया