इंडिया न्यूज, नई दिल्ली, (Weather Today Update): देश के कई राज्यों में अब भी बारिश का सिलसिला जारी है और कुछ जगहों के लिए तो मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं पहाड़ी राज्यों में ताजा हिमपात हुआ है। आईएमडी के मुताबिक आज बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र व पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक आज मौसम ऐसा ही रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में अक्टूबर के पहले दस दिन में बारिश ने 16 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून जाने में अभी लग सकता है इतना टाइम

अनुमान के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई में अभी दो से तीन दिन लग सकते हैं। आगामी 4-5 दिन में उत्तर-पश्चिम व मध्य भारत के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक इसके लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। इस दौरान तमिलनाडु व अगले दो दिन तक कर्नाटक में भारी बारिश होने का अनुमान है। दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह कोहरा छाया रहा। दिन में यहां बादल व कुछ जगह हल्की वर्षा होने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

आधे से ज्यादा राज्यों में बारिश का येलो अलर्ट

देश के आधे से ज्यादा राज्यों (24 राज्यों) में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है और 15 अक्टूबर के बाद से बारिशों का दौर थमने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि आज हिमाचल प्रदेश, यूपी, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, पुड्डूचेरी व केरल कहीं हल्की से मध्यम तो कुछ जगह भारी बारिश होने के आसार हैं। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, सिक्किम, नगालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर में भी आज ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर में ताजा हिमपात, हिमाचल व उत्तराखंड में बारिश व हिमपात के आसार

जम्मू-कश्मीर में पुंछ जिले के पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज सुबह ताजा बर्फबारी हुई जिससे तापमान में गिरावट आई है। हिमाचल प्रदेश में आज कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट जारी है। बर्फबारी की भी संभावना है। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में भी बर्फबारी व बारिश जारी रहेगी। शाम तक राज्य के कुछ इलाकों में भारी वर्षा की संभावना है। कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 14 अक्टूबर तक राज्य से मानसून विदा हो सकता है।

पंजाब : 15 अक्टूबर तक बारिश के आसार नहीं

पंजाब में 15 अक्टूबर तक बारिश होने के आसार नहीं है। मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और दिन में धूप खिली रहेगी। मौसम में बदलाव से धान की कटाई में जुटे किसानों को राहत मिलेगी। दो दिन हुई बारिश के कारण पकी फसल पर असर पड़ा है। यूपी में 3-4 दिन से बेमौसम बारिश का कहर जारी है। बाराबंकी में 1000 गांव बाढ़ से घिरे हैं। बहराइच में घाघरा उफान पर है और 300 गांवों में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। राज्य के ज्यादातर जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

ये भी पढ़े :  छत्तीसगढ़ के कई शहरों में अधिकारियों व व्यापारियों के यहां आज फिर ईडी के छापे

हमें Google News पर फॉलो करे- क्लिक करे !