इंडिया न्यूज, नई दिल्ली, (Weather Update): भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार देश के कई राज्य इन दिनों हीटवेव की चपेट में हैं और मानसून के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। दिल्ली समेत उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में अधिकतम तापमान 43-44 डिग्री के आसपास बना हुआ है। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर और उत्तर पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में सप्ताहांत अधिकतम तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट आएगी, लेकिन 15 जून तक बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है। हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति बन सकती है
मुंबई पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून
आईएमडी के अनुसार आज मुंबई और आसपास के अन्य क्षेत्रों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच गया। मौसम विभाग ने ट्वीट कर कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों, कोंकण के अधिकांश हिस्सों (मुंबई सहित), मध्य महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इसके 15 से 20 जून के बीच मध्यप्रदेश में दस्तक देने की संभावना है। पिछली दफा दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने सामान्य समय से सात दिन पहले 10 जून को मध्य प्रदेश पहुंचा था।
मानसून के आगे बढ़ने की स्थितियां अनुकूल, पंजाब-हरियाणा में आंधी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार मानसून अगले 24 घंटों में पूरे कोंकण क्षेत्र में मध्य महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, पूरे कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों के साथ-साथ पश्चिम मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में 12 या 13 जून तक पहुंच सकता है। इसके आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हैं। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में भी हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी ऐसा मौसम रह सकता है।
जानिए पश्चिमी यूपी में कब तक एक्टिव होगा प्री-मानसून
एक ताजा पश्चिमी डिस्टरबेंस पंजाब और हरियाणा पर एक चक्रवात का कारण बन सकता है जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 से 11 जून तक प्री-मानसून के एक्टिव होने की संभावना है। बिहार के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश के आसार बने हुए हैं। दरअसल बिहार और इसके आसपास दो-दो ट्रफ लाइन गुजर रही हैं। इसी की वजह से आंधी-पानी का दौर जारी है। दूसरी तरफ दक्षिणी बिहार अभी भी नमी युक्त गर्मी की चपेट में हैं।
राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में गर्मी का प्रकोप
राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में कल अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने आगामी 10-12 जून के दौरान उदयपुर व कोटा संभाग के जिलों में प्री-मानसून गतिविधियों की संभावना जताई है।
ये भी पढ़े : दक्षिण-पश्चिम मानसून मुंबई, कोंकण क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में पहुंचा
हमें Google News पर फॉलो करे- क्लिक करे !
हमारे साथ जुड़ें : Twitter| Facebook | YouTube