India News (इंडिया न्यूज), Weather Update: कई दिनों से भीषण गर्मी झेल रहे राजधानीवासियों के लिए मंगलवार का दिन आंशिक राहत वाला रहा। दिन में भीषण गर्मी थी, लेकिन पूर्वी हवाओं के प्रभाव से तापमान गिर गया। लू की स्थिति से भी कुछ राहत देखने को मिली है। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन-चार दिनों तक लू की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज और रेड अलर्ट भी जारी किया है। अभी तक हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी थी जो अपने साथ थार रेगिस्तान की गर्मी भी ला रही थी। लेकिन, मंगलवार को हवा की दिशा बदल गयी और हवा पूरब की ओर से आने लगी। इस हवा में हल्की नमी है, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
दिल्ली का तापमान
बता दें कि, दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। यहां का तापमान एक दिन पहले की तुलना में करीब दो डिग्री सेल्सियस गिर गया है। न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। मंगलवार को भी मुंगेशपुर और नजफगढ़ इलाके सबसे गर्म रहे। लेकिन, एक दिन पहले की तुलना में यहां का अधिकतम तापमान भी करीब तीन डिग्री तक गिर गया है।
चिलचिलाती हुई गर्मी से राहत नहीं
इसको लेकर मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट और फिर अगले चार दिनों के लिए गर्मी और लू का रेड अलर्ट है। इस दौरान भीषण गर्मी पड़ेगी और हवा की गति 20 से 30 किमी प्रति घंटा होगी। इससे लोगों को लू की मार झेलनी पड़ेगी।
यहां का तापमान सबसे अधिक
- मुंगेशपुर- 44.6 डिग्री सेल्सियस
- नजफगढ़- 43.9 डिग्री सेल्सियस