Weather Update Today: राजधानी दिल्ली और उसे सटे एनसीआर के इलाकों में मौसम लगातार बदल रहा है। यहां कभी बारिश हो रही है तो कभी तेज हवाएं चल रही हैं। वहीं बीच-बीच में तेज गर्मी का भी अहसास होने लगता है। पिछले दिनों दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में अचानक से बारिश होने लगी थी। हालांकि, ये बारिश ज्यादा देर नहीं हुई थी।
दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम
इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले कुछ दिनों में फिर से बारिश होने की संभावना जताई हैं। लेकिन यहां आज आसमान साफ रहेगा, इस दौरान अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। यहीं नहीं विभाग ने देश के कई अन्य राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई है।
गरज के साथ हो सकती बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक 12-15 मार्च तक हिमालय क्षेत्र में बारिश हो सकती है। वहीं राजस्थान में 13 और 14 मार्च को बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में गरज के साथ बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 12 और 13 जबकि हिमाचल प्रदेश में 13 और 14 को बारिश है।
इन राज्यों में 35 के पार पहुंचा पारा
वहीं, कई राज्यों में लोगों को अभी से गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ रहा है। गुजरात, राजस्थान, कोंकण, विदर्भ के कुछ इलाकों में पारा 37-38 डिग्री पहुंच गया है। महाराष्ट्र तेलंगाना, कर्नाटक, गोवा जैसे कुछ राज्यों में तापमान 30-35 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
सिक्किम में भारी बर्फबारी
वहीं अगर हम बात करें सिक्किम की तो यहां पर बारी बर्फबारी देखने को मिल रही है। जिस कारण वहां 900 पर्यटक फंसे हुए हैं। इस संबंध में अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, नाथूला और सोमगो झील से शनिवार शाम सिक्किम की राजधानी की ओर लौटते हुए करीब 900 पर्यटक भारी बर्फबारी के कारण रास्ते में फंस गए।
ये भी पढ़े: पीएम मोदी का कनार्टक का दौरा आज, देश को समर्पित करेंगे बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे