India News (इंडिया न्यूज),Manmohan Singh: पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का गुरुवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मनमोहन सिंह की समाधि के लिए जगह की मांग की है। मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा। इससे पहले शनिवार सुबह कांग्रेस कार्यालय में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। मनमोहन सिंह का गुरुवार को निधन हो गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कई अन्य प्रमुख नेताओं ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को उनके आवास पर श्रद्धांजलि दी।
तिरंगे में लिपटे गए पूर्व पीएम
तिरंगे में लिपटे पूर्व प्रधानमंत्री के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर फूलों से सजे ताबूत में रखा गया, जहां दलीय भावनाओं से ऊपर उठकर नेताओं ने दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मोदी ने मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन को राष्ट्र के लिए बड़ी क्षति बताया और कहा कि उन्हें एक दयालु इंसान, विद्वान अर्थशास्त्री और आर्थिक सुधारों के जरिए देश को नए युग में ले जाने वाले नेता के रूप में याद किया जाएगा। वीडियो संदेश में सिंह के निधन पर दुख जताते हुए मोदी ने यह भी कहा कि उनका जीवन भावी पीढ़ियों को विपरीत परिस्थितियों से ऊपर उठकर ऊंचाइयों को हासिल करने की सीख देता है। पीएम मोदी ने कहा, मनमोहन सिंह का निधन राष्ट्र के लिए बड़ी क्षति है। जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल करना कोई साधारण उपलब्धि नहीं है। विभाजन के दौरान भारत आने की प्रक्रिया में बहुत कुछ खोने के बावजूद उन्होंने ये उपलब्धियां हासिल कीं।