India News (इंडिया न्यूज), Baloch Liberation Army: भारत के हमले से पस्त पाकिस्तानी सेना पर अब बलूचों ने हमला बोल दिया है। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने मंगलवार को दावा किया कि उसने पिछले 24 घंटे में सात ताबड़तोड़ हमले किए हैं। इसमें बड़ी संख्या में पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं। बीएलए के प्रवक्ता जियंद बलोच ने जानकारी देते हुए बताया कि खुजदार, पंजगुर, कलात, नोश्की और सिबी जिलों में पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर फायरिंग की गई। आईईडी विस्फोट किए गए और कई खुफिया एजेंट मारे गए।
क्या है BLA की मांग?
आपको जानकारी के लिए बता दें कि, बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी काफी लंबे समय से अलग देश के तौर पर मान्यता की मांग कर रही है। बताया जा रहा है कि, उन्होंने आजादी के लिए ‘ऑपरेशन हीरोफ 2.0’ शुरू किया है। इसका मकसद पाकिस्तानी सेना को नुकसान पहुंचाना है ताकि सरकार उनकी बात सुने। यह ऑपरेशन अगस्त 2024 में शुरू हुआ था, तब से बलूच लिबरेशन आर्मी पाकिस्तानी सेना के लिए कहर का दूसरा नाम बन गई है।
BLF ने भी किया हमला तेज
बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने भी पाकिस्तानी सेना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस समूह ने बरखान, अवारन, झाओ, कच्ची और नोश्की इलाकों में ताबड़तोड़ हमले किए हैं। बरखान में बीएलएफ ने हाईवे जाम कर यात्रियों की तलाशी ली। हालांकि आम नागरिकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया। कच्ची जिले में सुरक्षा बलों से हथियार छीन लिए गए। अवारन के कोलवा में ‘डेथ स्क्वॉड’ पर घात लगाकर हमला किया गया, जिसमें पांच सदस्य मारे गए।
बीएलएफ प्रवक्ता ने क्या कहा?
बीएलएफ प्रवक्ता मेजर गवाहराम बलोच ने कहा कि बलूचिस्तान की पूरी आजादी तक ये हमले जारी रहेंगे। ऑपरेशन हिरोफ में बीएलए ने अब तक 58 जगहों पर 78 ऑपरेशन किए हैं। इन हमलों में पाकिस्तान सरकार और सेना को भारी नुकसान हुआ है। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने 7 नए हमले किए हैं। इनका मकसद सिर्फ पाकिस्तान के सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाना है।