India News (इंडिया न्यूज), Canada Minister: कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने हाल ही में अपने नए 28 सदस्यीय मंत्रिमंडल की घोषणा की है, जिसमें 4 भारतीय मूल के सांसद शामिल हैं। इनमें सबसे प्रमुख नाम अनीता आनंद का है, जिन्हें कनाडा का नया विदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। इससे पहले मार्च में जस्टिन ट्रूडो से पदभार संभालने के बाद कार्नी ने 24 सदस्यीय मंत्रिमंडल का गठन किया था, जिसमें भारतीय मूल के दो मंत्री शामिल थे। 28 अप्रैल को हुए संघीय चुनाव में लिबरल पार्टी की जीत के बाद कार्नी ने इस मंत्रिमंडल का गठन किया था। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ सुरक्षा और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने, जीवन यापन की लागत को कम करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस दल का गठन किया गया है।
अनीता आनंद बनी कनाडा की विदेश मंत्री
57 वर्षीय अनीता आनंद ने भगवद गीता पर हाथ रखकर विदेश मंत्री के रूप में शपथ ली। वे पहले रक्षा और नवाचार मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान वे वैक्सीन आपूर्ति की मुख्य प्रभारी थीं। अनीता का जन्म नोवा स्कोटिया के केंटविले में हुआ था। उनके पिता तमिल और मां पंजाबी मूल की हैं। उनके माता-पिता दोनों ही डॉक्टर थे और 1960 के दशक की शुरुआत में भारत से कनाडा चले गए थे। अनीता आनंद ने डलहौजी विश्वविद्यालय, टोरंटो विश्वविद्यालय और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से प्रथम श्रेणी की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने येल और ऑक्सफोर्ड जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में कानून पढ़ाया है।
मनिंदर सिद्धू बने अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री
ब्रैम्पटन ईस्ट से सांसद मनिंदर सिद्धू को अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। अमेरिका के साथ व्यापार विवादों के बीच उनका कार्यकाल महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सिद्धू पंजाब से हैं और बचपन में ही कनाडा आ गए थे। वे पहले कई मंत्रियों के संसदीय सचिव रह चुके हैं।
रूबी सहोता बनीं अपराध नियंत्रण मामलों की सचिव
रूबी सहोता को अपराध नियंत्रण मामलों की राज्य सचिव बनाया गया है। वे 2015 से ब्रैम्पटन नॉर्थ से सांसद हैं। वे पहले वकील थीं और युवा मुद्दों पर काम करती रही हैं। उन्होंने सस्केचेवान विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल की है और सार्वजनिक सेवा में करियर बनाने से पहले उनकी पृष्ठभूमि आव्रजन और पारिवारिक कानून में रही है। कनाडा के नेशनल पोस्ट के अनुसार, “टोरंटो की मूल निवासी पहले अमेरिका में वकील थीं, जिन्हें वाणिज्यिक कानून में उनकी दक्षता के लिए जाना जाता था।”
रणदीप सराय को मिली ये जिम्मेदारी
सर्रे सेंटर के सांसद रणदीप सराय को अंतर्राष्ट्रीय विकास मामलों के लिए राज्य सचिव नियुक्त किया गया है। वे विदेशों में कनाडा की सहायता और सहयोग योजनाओं की देखरेख करेंगे। संसद सदस्य के रूप में सराय का यह चौथा कार्यकाल है। वे पहली बार 2015 में चुने गए थे और 2019 और 2021 में फिर से चुने गए। अंतर्राष्ट्रीय विकास के लिए राज्य सचिव के रूप में, सराय मानवीय सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा पहल और गरीबी उन्मूलन कार्यक्रमों सहित कनाडा के वैश्विक सहायता प्रयासों की देखरेख में मदद करेंगे।
रिकॉर्ड भारतीय मूल के सांसद
इस चुनाव में भारतीय मूल के कुल 22 उम्मीदवार संसद पहुंचे हैं, जो अब तक का रिकॉर्ड है। पिछली संसद में यह संख्या 17 थी। इससे पता चलता है कि कनाडा की राजनीति में भारतीय मूल के नेताओं का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। चौंकाने वाली बात यह रही कि एनडीपी नेता जगमीत सिंह अपनी सीट हार गए हैं।