India News (इंडिया न्यूज़), China Foreign Minister Qin Gang Missing: कोरोना काल के बाद चीन ने दुनिया में अपनी छवि बदलने का लगातार प्रयास किया है। कई देशों के साथ चीन लगातार संपर्क साध रहा है। इस चीज का जिम्मा जिस शख्स के ऊपर था, वही शख्स आजकल गायब है। उसकी तलाश चल रही है। दरअसल, चीन के विदेश मंत्री किन गैंग पिछले करीब 3 हफ्ते से किसी भी सार्वजनिक मंच पर नजर नहीं आए हैं। इस दौरान कई अहम बैठक, वैश्विक सम्मेलन और विदेशी दौरे भी हुए हैं। लेकिन किन गैंग कहां पर हैं, ये सवाल इन दिनों हर किसी के मन में है।

बता दें कि 25 जून को किन गैंग को आखिरी बार देखा गया था। जब उन्होंने वियतनाम, रूस और श्रीलंका के अधिकारियों से वार्ता की थी। इसी के बाद से ही वह गायब हैं। यूरोपियन यूनियन का उन्होंने दौरा भी रद्द कर दिया। इसके साथ ही साउथ एशियन देशों की बैठक में उन्होंने हिस्सा भी नहीं लिया। उनके गायब होने के पीछे कई तर्क दिए जा रहे हैं। मगर एक चीज है जो लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं। जो कि उनका एक कथित अफेयर है।

अफेयर की खबरें बटोर रही सुर्खियां

चीनी विदेश मंत्रालय ने किन गैंग के गायब होने के पीछे की वजह उनकी खराब तबीयत बताई है। जो कि किसी को हजम नहीं हुआ। इसी बीच टीवी प्रेजेंटर Fu Xiaotian के साथ उनका लव अफेयर की खबर सामने आई है। केवल इतना ही नहीं दोनों का एक बेटा भी है जो कि अमेरिकी नागरिक है। हालांकि, फिलहाल ये सिर्फ अफवाहें हैं। ताइवान और हॉन्गकॉन्ग की मीडिया ने अलग-अलग रिपोर्ट्स के आधार पर दावे किए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट

किन गैंग और फू की तस्वीरें, पुराने इंटरव्यू और क्रिप्टिक पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। जिनमें दोनों के बीच दोस्ती को दिखाया गया है। इसके साथ ही फू का आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट भी उसी इंटरव्यू के साथ जुड़ा हुआ है। जिसमें विदेश मंत्री किन गैंग के साथ उनकी बातचीत हुई थी।