India News (इंडिया न्यूज), Chinese President Xi Jinping : ट्रंप के आने के बाद से ही अमेरिका और रूस के बीच रिश्ते सही होते हुए दिख रहे हैं। यूक्रेन जंग में भी अमेरिका की तरफ से रूस को लेकर ज्यादा बयानबाजी नहीं कि जा रही है। जानकारों का मानना है कि ट्रंप रूस को अपने साथ लाकर, चीन को अलग-थलग करना चाहते हैं। लेकिन चीन ऐसा होने नहीं देना चाहता है। अब इसी कड़ी में खबर सामने आई है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 7 से 10 मई तक रूस की आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं।

इस यात्रा के दौरान जिनपिंग चीन और रूस के संबंधों को और अधिक मजबूत करने का काम करेंगे। वैसे पहले से ही ये बात कही जा रही थी कि चीनी राष्ट्रपति नौ मई को मॉस्को में विजय दिवस परेड में भाग लेंगे। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने रविवार को जिनपिंग की यात्रा से संबंधित पूरी जानकारी दी है।

अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय एजेंडे के मुद्दों पर चर्चा

क्रेमलिन की तरफ से जानकारी दी गई है कि शी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर आ रहे हैं और विक्टरी डे समारोह में भाग लेने के साथ-साथ दोनों नेता व्यापक साझेदारी और रणनीतिक संपर्क के संबंधों के आगे विकास तथा अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय एजेंडे के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक चीनी राष्ट्रपति की इस यात्रा के दौरान पुतिन और शी कई द्विपक्षीय दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करेंगे। फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से शी की रूस की यह तीसरी यात्रा होगी। चीन संघर्ष में तटस्थ रुख अपनाने का दावा करता है, लेकिन उसने क्रेमलिन की इस दलील का समर्थन किया है कि रूस की कार्रवाई पश्चिमी देशों के उकसावे की वजह से हुई।

हाल के समय में कई बार हो चुकी है दोनों की मुलाकात

बता दें कि हाल के समय में पुतिन और जिनपिंग के बीच कई बार मुलाकात हो चुकी है। पिछली बार सितंबर 2024 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए शी ने रूस का दौरा किया था। इससे पहले उन्होंने मार्च 2023 में रूस की राजकीय यात्रा भी की थी। वहीं पुतिन ने भी अक्टूबर 2023 में चीन की यात्रा की थी। मई 2024 में बीजिंग में भी दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी। पुतिन की यह अपने पांचवें राष्ट्रपति कार्यकाल में पहली विदेश यात्रा थी। दोनों नेता जुलाई में कज़ाकिस्तान में भी मिले थे।

‘खुद को साबित करने का मौका , कौम को हमसे बहुत उम्मीदें…’ PAK नेवी चीफ ने भारत को दिखाई आंख, भूले कैसे 1971 में कराची हो गया था तबाह

हो गया बड़ा खेला…पाकिस्तान नहीं बल्कि इस बार रूस से आई भारत को परमाणु हमले की धमकी, अब क्या करेगी मोदी सरकार?