इंडिया न्यूज़: (Cyclone Freddy in Southern Africa) अफ्रीका महाद्वीप के कईं देशों में साइक्‍लोन फ्रेडी ने तबाही मचा दी है। खबर है कि मलावी, मोजाम्बिक और मेडागास्कर में सैकड़ों लोगों की जान चली गई है और हजारों लोग फंसे हुए हैं। बताया गया कि बारिश, बाढ़ और मडस्लाइड की वजह से लगभग 88 हजार लोग बेघर हो गए हैं। हिंद महासागर से सटे देश मलावी में हालात ज्‍यादा भयावह हैं, वहां राष्ट्रपति लाजरस चकवेरा ने देश में 14 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को राष्ट्रपति क्वीन एलिजाबेथ अस्पताल का दौरा करने पहुंचे थे, जहां उन्‍होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। जख्‍मी लोगों को देखकर वो भावुक भी नज़र आए।

लोग अपने घर छोड़कर भागने को हुए मजबूर

मलावी के मिनिस्ट्री ऑफ क्लाइमेट चेंज ने कहा है कि आने वाले दिनों में भी तेज बारिश होते रहने की संभावना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोजाम्बिक में भी लैंडस्लाइड की वजह से कई गांव पूरी तरह से कट चुके हैं। लोगों को अपने घर छोड़कर भागना पड़ रहा है।

400 से ज्यादा लोगों की मौत

मलावी के मिनिस्ट्री ऑफ क्लाइमेट चेंज के मुताबिक, मलावी में फ्रेडी तूफान सबसे पहले फरवरी में आया था। उसके बाद अब यहां पर भयंकर बारिश आई और बाढ़ ने तबाही मचा दी है। बताया जा रहा है कि अफ्रीका के 3 देशों मलावी, मोजाम्बिक और मेडागास्कर में 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। कईं क्षेत्रों में बाढ़ के चलते बेघर हुए लोगों ने स्कूल में शरण ली हैं।

वीडियो में दर्जनों लोग नदी में बहते आए नज़र

आपदाग्रस्त मलावी में लोगों की जिंदगियां जाने के कई वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। एक वीडियो में दर्जनों लोग नदी में बहते नजर आ रहें हैं। उनकी चीखें निकल रही हैं। इसी तरह मोजांबिक और मेडागास्कर से भी भयावह फोटोज़ सामने आई हैं।