India News (इंडिया न्यूज), Pakistan:पाकिस्तान के क्वेटा शहर के हरनई इलाके में शुक्रवार सुबह हुए बम धमाके में 9 लोगों की मौत हो गई है। मरने वाले सभी लोग मजदूर हैं, जो सुबह काम पर जा रहे थे। धमाका किसने और क्यों किया, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। पाकिस्तान में 100 दिनों के अंदर यह दूसरा बम धमाका है।जियो न्यूज के मुताबिक, पाकिस्तान के क्वेटा शहर के हरनई में मजदूर बस से कोयला खदान जा रहे थे। इसी दौरान सड़क के किनारे एक आईईडी बम धमाका हो गया। इस धमाके में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य 6 लोग घायल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है।
पहले भी हुआ था धमाका
9 नवंबर 2024 को क्वेटा के रेलवे स्टेशन के पास बड़ा धमाका हुआ था। इस धमाके में करीब 20 लोगों की मौत हो गई थी। इसे आत्मघाती हमला बताया गया था। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में लगातार उबाल है।
पाकिस्तान में 524 नागरिकों की मौत
साउथ एशिया टेररिज्म पोर्टल के अनुसार, 2024 में आत्मघाती हमलों के कारण पाकिस्तान में 524 नागरिकों की मौत हुई है। इस साल अब तक आतंकी हमलों में 30 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।पाकिस्तान में अब तक जितने भी बम धमाके हुए हैं, उनमें IED का इस्तेमाल किया गया है। IED के प्रावधान को लेकर पाकिस्तान में सवाल भी उठते रहे हैं।
बढ़ रहे हैं आतंकी हमले
साउथ एशिया टेररिज्म पोर्टल के अनुसार, पिछले 5 साल में पाकिस्तान में 1600 से अधिक नागरिकों की मौत हुई है। वर्ष 2020 में बम धमाकों और अन्य आतंकी हमलों में 169 नागरिकों की जान गई। 2021 में मरने वालों की संख्या बढ़कर 215 और 2022 में 229 हो गई।पाकिस्तान में पिछले 5 साल में आतंकी हमलों में मारे जाने वाले नागरिकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।