India News (इंडिया न्यूज), Russia Ukraine War: एक समृद्ध देश कैसे बर्बाद हो सकता है, इसका ताजा उदाहरण यूक्रेन है। सोवियत संघ से अलग होने के बाद भी यूक्रेन ने खूब तरक्की की। लेकिन फिर वोलोडिमिर जेलेंस्की यूक्रेन के राष्ट्रपति बने और उनका झुकाव अमेरिका की तरफ बढ़ने लगा। उन्होंने रूस से दूरी बनानी शुरू कर दी और नाटो में शामिल होने की हरसंभव कोशिश करने लगे। रूस ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वो नहीं माने और फिर भीषण युद्ध शुरू हो गया। हजारों लोग मारे गए। घर, इमारतें, सड़कें, पुल… सच कहूं तो यूक्रेन का हर कोना तबाह हो गया। यूक्रेन हर तरफ से हारा। जेलेंस्की लड़ते रहे और देश के लोगों को लड़ने के लिए प्रेरित करते रहे।
3 साल से चल रहा युद्ध
जिस युद्ध के बारे में माना जा रहा था कि रूस दो दिन में जीत जाएगा, वो अमेरिका और नाटो देशों के समर्थन की वजह से तीन साल तक खिंच गया। इसका नतीजा यह हुआ कि, यूक्रेन बर्बाद हो गया। हजारों लोग मारे गए। हजारों लोग देश छोड़कर चले गए। अमेरिका में सत्ता बदल गई और यूक्रेन की मर्जी के बिना रूस और अमेरिका ने सऊदी अरब में डील की बात की। जेलेंस्की को बुलाया तक नहीं गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को अब तक दी गई मदद के बदले यूक्रेन के खनिज संसाधनों तक पहुंच के लिए समझौता करने का दबाव भी बनाया।
खत्म होने जा रहा रूस-यूक्रेन युद्ध
जेलेंस्की बहुत नाराज हुए। उन्होंने अमेरिका को खूब खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने ट्रंप को सीधे चुनौती दी। उन्होंने यूरोपीय देशों को साथ लेकर युद्ध लड़ने की कोशिश की। लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि रूस-यूक्रेन युद्ध अब समाप्त होने जा रहा है और इसका फ़ायदा सिर्फ़ रूस को ही होगा। राजनयिक सूत्रों ने एएफपी को बताया कि, शुक्रवार को अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में यूक्रेन संघर्ष पर एक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें रूस के कब्जे वाले कीव क्षेत्र का कोई जिक्र नहीं है। एएफपी द्वारा देखे गए वाशिंगटन के उस प्रस्ताव में कीव की क्षेत्रीय अखंडता का ज़िक्र किए बिना “संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने” की बात कही गई है। संयुक्त राष्ट्र में मॉस्को के राजदूत वसीली नेबेंज़्या ने इसे “एक अच्छा कदम” बताते हुए स्वागत किया है।
ट्रंप ने जेलेंस्की-पुतिन पर क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को मॉस्को और कीव के बीच युद्ध को समाप्त करने के लिए एक साथ आना चाहिए। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, “मुझे लगता है कि राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की को एक साथ आना चाहिए, क्योंकि हम लाखों लोगों को मरने से रोकना चाहते हैं।”
जेलेंस्की ने मानी ट्रंप की बात
दूसरी ओर, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें “निष्पक्ष परिणाम” की उम्मीद है। जेलेंस्की का यह बयान वाशिंगटन द्वारा कीव पर खनिज संसाधनों तक पहुंच प्रदान करने वाले समझौते पर हस्ताक्षर करने के बढ़ते दबाव के बीच आया है। “यह एक ऐसा समझौता है जो हमारे संबंधों को मजबूत कर सकता है, और मुख्य बात यह है कि इस पर आगे काम करना है ताकि यह काम कर सके। मुझे एक परिणाम की उम्मीद है – एक निष्पक्ष परिणाम,” जेलेंस्की ने अपने शाम के वीडियो संबोधन में कहा।