India News (इंडिया न्यूज), Illegal Immigrants: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शपथ लेते ही अपने चुनावी वादों पर काम करना शुरू कर दिया है। अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे अवैध अप्रवासियों को उनके देशों में वापस भेजना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में 104 भारतीयों को वापस भेजा गया था। जिसको लेकर पूरा विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया था। अब फिर से 487 भारतीयों को वापस भेजने की तैयारी चल रही है। इस पूरे मामले पर केंद्र सरकार ने जानकारी देते हुए बताया कि, अमेरिकी अधिकारियों ने वहां रह रहे 487 और अवैध भारतीय प्रवासियों की पहचान की है और उन्हें जल्द ही भारत वापस भेजा जाएगा।
भारत ने जताई चिंता
इस बीच, भारत ने निर्वासित किए जा रहे भारतीयों के साथ दुर्व्यवहार की संभावना पर चिंता व्यक्त की है। अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों के निर्वासन के संबंध में विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि विदेश मंत्री (ईएएम) ने अमेरिकी अधिकारियों द्वारा साझा की गई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के बारे में जानकारी दी है। विक्रम मिस्री ने कहा कि विदेश मंत्री ने बताया कि यह प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है। हालांकि, निर्वासित प्रवासियों के साथ दुर्व्यवहार का मुद्दा एक गंभीर मामला है, जिसे हमने अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष उठाया है।
विदेश सचिव ने क्या कहा?
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि, अमेरिका ने भारत को 487 संभावित भारतीय नागरिकों के बारे में सूचित किया है, जिन्हें निष्कासन आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि, हमने अमेरिकी प्रशासन को स्पष्ट कर दिया है कि निर्वासित भारतीयों के साथ कोई अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि निर्वासन की प्रक्रिया नई नहीं है। विदेश मंत्री जयशंकर ने कल संसद में इस मुद्दे पर चर्चा की। मैं भारत को असहयोगी देश के रूप में वर्णित करना स्वीकार नहीं करूंगा।
487 भारतीयों को भेजा जाएगा वापस
दुनिया का कोई भी देश अगर अपने नागरिकों को वापस स्वीकार करना चाहता है तो उसे यह आश्वासन चाहिए कि जो भी वापस आ रहा है वह भारत का नागरिक है, इसके साथ वैधता के मुद्दे जुड़े हैं, इसके साथ सुरक्षा के मुद्दे जुड़े हैं। हाल ही में एक बातचीत में, जब हमने अमेरिका से संभावित रिटर्न के बारे में विवरण मांगा। हमें बताया गया है कि अंतिम निष्कासन आदेश 487 भारतीय नागरिकों के बारे में है। अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों को निर्वासित करने के लिए सैन्य विमानों के उपयोग पर उन्होंने कहा कि परसों जो निर्वासन हुआ वह कई वर्षों से चल रही प्रक्रिया से कुछ अलग और थोड़ा अलग प्रकृति का है।
राष्ट्रपति बनते ही ट्रंप ने शुरू की ये प्रक्रिया
इसके अलावा विदेश सचिव ने अवैध प्रवास को बढ़ावा देने वाले गिरोहों और नेटवर्क के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमें पूरे सिस्टम में मौजूद इकोसिस्टम पर कार्रवाई करने की जरूरत है, जो अवैध प्रवास को बढ़ावा देता है। 5 फरवरी को अमेरिका से 104 अवैध भारतीय अप्रवासी वापस भेजे गए। बता दें कि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका से अवैध अप्रवासियों को वापस भेजना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में अमेरिका ने बुधवार (5 फरवरी) को अपने सैन्य विमान सी-17 के जरिए 104 भारतीय अप्रवासियों को वापस भारत भेजा।