India News (इंडिया न्यूज), Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार मध्य पूर्व और यूरोप में चल रहे युद्ध को लेकर बयान देते रहे हैं। अब इन संघर्षों पर बात करते हुए ट्रंप ने तीसरे विश्व युद्ध की बात भी कही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हालात चल रहे हैं, उससे लगता है कि तीसरा विश्व युद्ध ज्यादा दूर नहीं है। लेकिन, मेरे अमेरिकी राष्ट्रपति पद पर होने से यह रुक जाएगा। मेरे पास विश्व युद्ध को रोकने की योजना है।

‘तीसरा विश्व युद्ध ज्यादा दूर नहीं’

सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मियामी में एक सभा को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हम दुनिया भर में चल रहे युद्धों को खत्म करने और दुनिया में शांति बहाल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हम नहीं चाहते कि अब युद्ध के कारण और लोग मरें। उन्होंने कहा कि अगर हम मध्य पूर्व और यूक्रेन में हुई मौतों को देखें तो आप समझ सकते हैं कि आप तीसरे विश्व युद्ध से ज्यादा दूर नहीं हैं।

‘दुनिया तीसरे विश्व युद्ध का गवाह बन रही होती’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने पूर्ववर्ती बाइडेन प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर बाइडेन एक साल और शासन करते तो दुनिया निश्चित तौर पर तीसरे विश्व युद्ध का गवाह बन रही होती। लेकिन, अब जब मैं अमेरिका का राष्ट्रपति हूं, तो ऐसा कुछ नहीं होने वाला है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यूक्रेन युद्ध के संबंध में अमेरिकी और रूसी प्रतिनिधियों की मेजबानी के लिए सऊदी अरब को धन्यवाद भी दिया और दोनों पक्षों के बीच बातचीत को शांति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की पर निशाना साधा

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर यूक्रेनी राष्ट्रपति की आलोचना की और जेलेंस्की को एक सफल कॉमेडियन बताया। ट्रंप ने कहा कि जेलेंस्की बिना किसी चुनाव के यूक्रेन में सत्ता में बने हुए हैं। वह एक तानाशाह की तरह काम कर रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा जेलेंस्की की आलोचना करना अमेरिका के बदलते रुख को दर्शाता है। पहले अमेरिका इस युद्ध में यूक्रेन का खुलकर समर्थन करता हुआ दिखाई देता था, लेकिन ट्रंप प्रशासन के आने के बाद अमेरिका रूस के पक्ष में जाता हुआ दिखाई दे रहा है।

Naxallite Encounter: ना एक ना दो, 3 राज्यों की पुलिस कर रही थी तलाश…लाखों की इनामी वाली 4 खूंखार महिला नक्सली हुईं ढेर

CG News: छत्तीसगढ़ में खेलों को मिली नई उड़ान! बस्तर ओलंपिक और अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन से उभरेंगी नई प्रतिभाएं