India News (इंडिया न्यूज), Doomsday Fish: अटलांटिक महासागर के कैनरी द्वीप समूह में स्पेन के शहर लास पालमास के समुद्र तट पर एक दुर्लभ डूम्सडे मछली देखी गई है। बुरी खबर और विनाश का अग्रदूत कही जाने वाली यह मछली अचानक तड़पती हुई किनारे पर आ गई और कुछ देर बाद मर गई। ओरफिश की इस प्रजाति की मछलियां आमतौर पर पानी के बाहर नहीं दिखती हैं। ऐसी मान्यताएं हैं कि जब यह मछली समुद्र से बाहर आती है तो कुछ बुरा होता है। पहले भी यह दावा किया जा चुका है कि इस मछली के दिखने के बाद भूकंप आता है।
वीडियो हुआ वायरल
आरटी इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में एक ओरफिश समुद्र के किनारे आती हुई दिखाई दे रही है। हालांकि इसका आकार ओरफिश प्रजाति की दूसरी मछलियों से काफी छोटा है। यह मछली समुद्र से बाहर आती है और पानी से बाहर आने के कुछ सेकंड बाद ही मर जाती है। समुद्र तट के पास मौजूद लोगों ने मछली को वापस पानी में छोड़कर बचाने की कोशिश की लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इस मछली की संरचना काफी अलग है और इसके सिर पर एक छोटी सी लाल हड्डी होती है।
भारत को खून के आंसू रुलाने वाला हुआ चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर, पड़ोसी पाकिस्तान में भी मची हाय-तौबा
मछली निकलने को माना जाता है आपदा का संकेत
जापानी लोककथाओं में गहरे समुद्र में रहने वाली इस मछली को आपदा का संकेत माना जाता है। कहा जाता है कि 2011 के फुकुशिमा भूकंप से पहले समुद्र के किनारे एक ओरफिश देखी गई थी। पिछले साल अमेरिका के कैलिफोर्निया में भी एक ओरफिश समुद्र से बाहर आई थी, जिसके बाद लॉस एंजिल्स में भूकंप आया था। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह मछली बीमारी के कारण सतह पर आती है। इसका शुभ-अशुभ से कोई संबंध नहीं है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, ओरफिश एक दुर्लभ मछली है और कई सालों में एक बार दिखाई देती है।
रास्ता भटकने से आती है बाहर
इसका कारण यह भी है कि इस प्रजाति की मछली गहरे समुद्र में रहती है। यह तभी सतह पर आती है, जब यह अपना रास्ता भटक जाती है। ऐसे में अक्सर किनारे पर आकर मर जाती है। ओरफिश और भूकंप के बीच संबंध को लेकर कई सवाल उठते रहे हैं। ओरफिश को प्राकृतिक आपदाओं और भूकंप की भविष्यवाणी करने वाली पौराणिक प्रतिष्ठा प्राप्त है, लेकिन विशेषज्ञ इसे कहानी बताकर खारिज कर देते हैं। 2019 में किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि जापान में ओरफ़िश के दिखने और भूकंप के बीच कोई संबंध नहीं है।