India News (इंडिया न्यूज), Harini Amarasuriya: श्रीलंका को नया प्रधानमंत्री मिल गया है। जहां हरिनी अमरसूर्या ने देश के 16वें प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला है। इसके साथ ही वह श्रीलंका के इतिहास में प्रधानमंत्री का पद संभालने वाली तीसरी महिला बन गई हैं। बता दें कि, श्रीलंका की नई पीएमका भारत से भी खास जुड़ाव है। तमिल आंदोलन के दौरान श्रीलंका में स्कूल और कॉलेज बंद होने के कारण उन्होंने 1990 में दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज में दाखिला लिया। यहां उन्होंने समाजशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। हिंदू कॉलेज में अपने दिनों के दौरान, हरिनी न केवल पढ़ाई में अव्वल रहीं, बल्कि कॉलेज के उत्सवों और वाद-विवाद में भी सक्रिय रूप से भाग लेती रहीं।
दिलचस्प बात यह है कि मशहूर फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली उनके बैचमेट रहे हैं। स्नातक करने के बाद उन्होंने स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग विश्वविद्यालय से सामाजिक नृविज्ञान में पीएचडी पूरी की। श्रीलंका में वापसी और सामाजिक कार्य शिक्षा के बाद, हरिनी अमरसूर्या ने श्रीलंका में स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित एक गैर सरकारी संगठन में काम किया।
हरिनी का राजनीतिक करियर
बता दें कि, सुनामी से प्रभावित बच्चों की मदद करने के उनके प्रयासों ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने एक कॉलेज में प्रोफेसर के तौर पर काम किया और समाजशास्त्र और मानविकी के क्षेत्र में पढ़ाया। वहीं साल 2019 में हरिनी ने जनता विमुक्ति पेरामुना (जेवीपी) पार्टी के जरिए राजनीति में कदम रखा। अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता के चलते वे 2020 में सांसद चुनी गईं। सितंबर 2024 में उन्हें श्रीलंका का अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया, जो उनकी नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
हिंदू कॉलेज के लिए गर्व का विषय
हिंदू कॉलेज की प्रिंसिपल अंजू श्रीवास्तव ने हरिनी की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह कॉलेज के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि हिंदू कॉलेज की शिक्षा से हरिनी को नेतृत्व कौशल निखारने में मदद मिली होगी। हरिनी की यह नई भूमिका भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों को और मजबूत करने में अहम साबित हो सकती है। उनकी इस उपलब्धि पर उनके पूर्व बैचमेट्स ने भी खुशी जताई।
फिर जलेगा पाकिस्तान! इमरान खान की पार्टी ने किया ऐसा ऐलान, सुनते ही शहबाज सरकार के छूटने लगे पसीने