India News (इंडिया न्यूज), Imran Khan Nobel Peace Prize : पाकिस्तान से सबसे ताजा खबर यह आ रही है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मानवाधिकार और लोकतंत्र में उनके योगदान के लिए 2025 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। इसकी घोषणा पाकिस्तान वर्ल्ड अलायंस (PWA) और नॉर्वे की राजनीतिक पार्टी सेंट्रम ने की है।

जानकारी के लिए बता दें कि पाकिस्तान वर्ल्ड अलायंस (PWA) एक वकालत समूह है, जिसकी स्थापना दिसंबर 2023 में की गई थी। इसके अलावा यह संगठन नॉर्वे की राजनीतिक पार्टी पार्टी सेंट्रम से जुड़ा हुआ है। इमरान खान को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने पर पार्टी सेंट्रम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि इमरान खान को मानवाधिकार और लोकतंत्र के लिए उनके काम की वजह से नामित किया गया है।

पहले भी हो चुके हैं शांति पुरस्कार के लिए नामित

यह पहली बार नहीं है जब इमरान खान का नाम शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया हो। आपको बता दें कि इससे पहले भी साल 2019 में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया था, जब उन्होंने दक्षिण एशिया में शांति स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

वैसे, हर साल नॉर्वे की नोबेल समिति को सैकड़ों नामांकन मिलते हैं। इसके बाद आठ महीने की चयन प्रक्रिया के ज़रिए विजेता का फ़ैसला किया जाता है। पुरस्कार की घोषणा अक्टूबर में की जाएगी और पुरस्कार वितरण दिसंबर 2025 में होगा।

जेल में हैं इमरान खान

आपको याद दिला दें कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) पार्टी के संस्थापक इमरान ख़ान अगस्त 2023 से जेल में हैं। इमरान ख़ान को सत्ता के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के आरोप में जनवरी 2024 में 14 साल जेल की सज़ा सुनाई गई थी। इससे पहले उन्हें सरकारी उपहारों की बिक्री, सरकारी रहस्यों को लीक करने और अवैध विवाह से जुड़े तीन अन्य मामलों में भी दोषी ठहराया गया था, लेकिन अदालतों ने उन सज़ाओं को पलट दिया या निलंबित कर दिया। अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के कारण उन्हें सत्ता से हाथ धोना पड़ा।

इमरान ख़ान ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया और दावा किया कि उन्हें सत्ता में वापस आने से रोकने के लिए निशाना बनाया जा रहा है। उनके समर्थक भी इन फ़ैसलों को सरकार और सेना की साज़िश बताते हैं। वहीं शांति पुरस्कार के लिए नामांकन उनके समर्थकों के लिए बड़ी जीत माना जा रहा है। अब देखना यह है कि उन्हें यह सम्मान मिलता है या नहीं।

ईद पर होने वाला है कुछ बड़ा? शहबाज शरीफ ने फोन पर शेख हसीना के दुश्मन से की बात, मचा हंगामा

दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों को रैंकिंग आई सामने, पाकिस्तान ने कर दिया बड़ा खेला, भारत-अमेरिका समेत कई देशों को पछाड़ा