India News (इंडिया न्यूज), Liz Truss On India Economy : ब्रिटेन की पूर्व प्रधानमंत्री एलिजाबेथ ट्रस ने भारत को लेकर बड़ा बयान दिया है। शनिवार 16 नवंबर को हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में बोलते हुए ट्रस ने कहा कि पश्चिमी देश गंभीर संकट में हैं और भारत ने ब्रिटिश अर्थव्यवस्था को पीछे छोड़ दिया है। ट्रस ने अपने संबोधन में भारत को लेकर कई अहम बातें कही हैं। ट्रस ने कहा कि ब्रिटिश अर्थव्यवस्था अब भारत से आगे निकल गई है, जहां कई अहम आर्थिक नीतियां और सुधार हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तकनीक और कृषि जैसे क्षेत्रों में भारत और ब्रिटेन के बीच काफी कुछ हासिल किया जा सकता है। उन्होंने पिछले सौ सालों में भारत की प्रगति की तारीफ की और इसे वैश्विक मंच पर बड़ी भूमिका निभाने वाला बताया।
‘भविष्य में नेतृत्व में भारत का अहम स्थान होगा’
भविष्य के बारे में बोलते हुए एलिजाबेथ ट्रस ने कहा कि भारत अब दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाला देश है और लंबे समय से लोकतंत्र का प्रतिनिधित्व करता आ रहा है। भविष्य में नेतृत्व में इसका अहम स्थान होगा, जो काफी उत्साहजनक है। इसके अलावा उन्होंने चीन से बढ़ते खतरे को देखते हुए क्वाड में भारत की भागीदारी को अहम बताया।
ब्रिटेन की मौजूदा सरकार पर साधा निशाना
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ने ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को लेकर वहां की मौजूदा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कंजरवेटिव पार्टी के 14 साल सत्ता में रहने के बावजूद लोगों को स्थिति में कोई खास सुधार महसूस नहीं हुआ। लोगों ने कंजरवेटिव पार्टी को हटाकर लेबर पार्टी को चुना, जो अब ज्यादा टैक्स और सख्त नियम ला रही है। टोनी ब्लेयर का जिक्र करते हुए ट्रस ने कहा कि लेबर नेता ने ब्रिटेन में राज्य और नौकरशाही की कार्यशैली में अहम बदलाव किए थे।
उन्होंने आगे कहा कि ब्लेयर ने संसद से सत्ता हटाकर नौकरशाहों को दे दी, जिससे ब्रिटेन में ठहराव आ गया और यही एक बड़ी वजह थी कि लोगों ने लेबर पार्टी के खिलाफ वोट दिया। ब्रिटिश अर्थव्यवस्था को लेकर निराशा जताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ब्रिटिश अर्थव्यवस्था जल्द ही संभल पाएगी।