India News (इंडिया न्यूज), China-Japan Conflict : जापान और चीन के बीच एक बार फिर से तनाव की स्थिति बन गई है। असल में जापान की तरफ से दावा किया गया है कि चीन की तरफ से पूर्वी चीन सागर द्वीपों के आसपास हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले एक चीनी हेलीकॉप्टर ने जापान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया, जिसका टोक्यो की ओर से विरोध दर्ज कराया गया।
बात न मानने पर जापान की तरफ से भी बीजिंग के हवाई क्षेत्र में घुसकर जवाब दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच तनाव हो गया है। बता दें कि पूर्वी चीन सागर में जापानी नियंत्रण वाले द्वीपों पर बीजिंग भी अपना दावा करता है।
जापान ने चीन पर लगाया आरोप
जापान के विदेश मंत्रालय ने हवाई क्षेत्र के उल्लंघन पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि शनिवार को चीन के चार तट रक्षक नौकाओं में से एक से उड़ान भरने वाले एक चीनी हेलीकॉप्टर ने सेनकाकू द्वीप के आसपास जापानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया और लगभग 15 मिनट तक क्षेत्र का उल्लंघन किया, जिसके लिए उसने बीजिंग के समक्ष विरोध दर्ज कराया है।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने हवाई क्षेत्र में घुसपैठ के जवाब में लड़ाकू जेट भी भेजे। चीन नियमित रूप से क्षेत्र में जापानी जहाजों को परेशान करने के लिए द्वीपों के आसपास के जल और हवाई क्षेत्र में तट रक्षक जहाजों और विमानों को भेजता है।
जियाओयू द्वीप पर चीन करता है अपना दावा
जानकारी के लिए बता दें कि जापान के जियाओयू द्वीप पर चीन अपना दावा करता है। इन द्वीपों को चीन दियाओयू कहता है। जापानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने जापान में चीनी दूतावास के समक्ष बहुत गंभीर विरोध दर्ज कराया है। विरोध में कहा गया है कि चीन के तटरक्षक बल की कार्रवाई जापान की संप्रभुता का उल्लंघन करती है और चीनी सरकार से निवारक उपाय सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
चीन ने भी एक बयान में कहा कि उसने भी ऐसा ही कदम उठाया है और जापान के समक्ष एक जापानी नागरिक विमान द्वारा द्वीपों के आसपास अपने हवाई क्षेत्र के उल्लंघन पर विरोध दर्ज कराया है। उसने कहा कि वह जापान द्वारा चीन की संप्रभुता के उल्लंघन से बेहद नाखुश है।