India News (इंडिया न्यूज), Measles Cases In America-Europe : दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका पर इस वक्त बड़ा खतरा मंडरा रहा है। वहां पर खसरे के मामलों में तेजी देखी जा रही है। अमेरिका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) की ओर से जारी ताजा आंकड़ों पर नजर डाले तो इससे जुड़े 50 मरीजों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं दो लोगों के मरने की भी खबर है। अमेरिका में अब तक इस मामले में 301 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से अधिकांश मामले 15 अमेरिकी क्षेत्रों से रिपोर्ट किए गए हैं।
वहीं टेक्सास में जनवरी से खसरे के मामलों में बढ़ोतरी हुई है जहां शुक्रवार (14 मार्च) तक 259 मामलों की पुष्टि की गई थी जिनमें से 34 मरीजों को हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। टेक्सास डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट हेल्थ सर्विसेज ने इसको लेकर चेतावनी जारी की है।
टेक्सास में चेतावनी जारी
टेक्सास डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट हेल्थ सर्विसेज का कहना है कि ये अत्यधिक संक्रामक बीमारी अब तेजी से फैल रही है और आने वाले दिनों में इसके मामलों में और बढ़ोतरी हो सकती है। खसरा खांसने और छींकने से फैलता है और इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, नाक बहना, लाल आंखें और शरीर पर लाल दाने शामिल हैं। गंभीर मामलों में ये बीमारी निमोनिया, दिमाग में सूजन (एन्सेफलाइटिस) और मौत की वजह बन सकती है।
यूरोप में भी बढ़े खसरे के मामले
अमेरिका के अलावा यूरोप में भी 2024 में खसरे के मामलों में भारी बढ़ोतरी देखी गई है। यहां पर 1,27,350 मामले सामने आए हैं। जो कि 2023 की तुलना में दोगुने हैं। वहीं डब्ल्यूएचओ यूनिसेफ की रिपोर्ट पर नजर डाले तो यूरोप में 1997 के बाद खसरे के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। इन मामलों में से 40 प्रतिशत से ज्यादा पांच साल से कम उम्र के बच्चों में पाए गए हैं। अब तक 38 मौतों की पुष्टि हो चुकी है जबकि कई मामलों में मरीजों को हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा है।
जानकारों के मुताबिक खसरे से बचने के लिए सबसे प्रभावी तरीका टीकाकरण है। एमएमआर (मीजल्स, मम्प्स, रूबेला) वैक्सीनेशन की दो डोज खसरे को रोकने में अत्यधिक प्रभावी मानी जाती हैं।