India News (इंडिया न्यूज),Rafel:भारत ने फ्रांस से 26 राफेल समुद्री लड़ाकू विमान खरीदने के लिए मेगा डील को मंजूरी दे दी है। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। यह सरकारी सौदा 63,000 करोड़ रुपये से अधिक का होगा, जिसे जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा। इस डील के तहत भारतीय नौसेना को 22 सिंगल-सीटर और 4 टू-सीटर विमान मिलेंगे।

सूत्रों के अनुसार, फ्रांस से 26 राफेल एम लड़ाकू विमान खरीदने का प्रस्तावित सौदा प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) से मंजूरी मिलने के बाद इसी महीने अंतिम रूप ले सकता है।

कब मिलना शुरू होगा राफेल

विमान की डिलीवरी 2029 के अंत से शुरू होगी। भारत को पूरी खेप 2031 तक मिल जाएगी। इन राफेल-एम विमानों को INS विक्रांत और INS विक्रमादित्य जैसे विमानवाहक पोतों से संचालित किया जाएगा। दोनों नौसैनिक जहाज पुराने मिग 29K लड़ाकू विमानों से अपने मिशन को अंजाम देते हैं।

कई महीनों से चल रही थी बातचीत

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 26 राफेल मरीन जेट की खरीद को लेकर दोनों देशों के बीच कई महीनों से बातचीत चल रही थी। भारत नौसेना के लिए राफेल मरीन का सौदा उसी कीमत पर करना चाहता था, जो कीमत भारत ने 2016 में वायुसेना के लिए 36 विमान खरीदते समय रखी थी। इस डील की जानकारी सबसे पहले 2023 में पीएम मोदी की फ्रांस यात्रा के दौरान सामने आई थी।

इसके बाद रक्षा मंत्रालय ने अनुरोध पत्र जारी किया, जिसे दिसंबर 2023 में फ्रांस ने स्वीकार कर लिया। इससे पहले सितंबर 2016 में भारत ने वायुसेना के लिए फ्रांस से 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदे थे। यह डील 59 हजार करोड़ रुपये में तय हुई थी।

बाबा वेंगा की डरावनी भविष्यवाणी, इंसानों के रहने लायक नहीं बचेगी धरती, सामने आई कयामत की तारीख!