India News (इंडिया न्यूज),Greece:ग्रीस के सेंटोरिनी द्वीप की तस्वीरें और वीडियो तो आपने देखे ही होंगे। इस द्वीप पर कई भारतीय फिल्मों के गाने शूट किए गए हैं। फिल्म बैंग-बैंग का गाना मेहरबान इसी द्वीप पर शूट किया गया था, लेकिन इस समय यह खूबसूरत द्वीप चुनौतियों का सामना कर रहा है। ग्रीस के सेंटोरिनी द्वीप पर शुक्रवार से रविवार तक सिर्फ तीन दिनों में 200 से ज्यादा भूकंप महसूस किए जा चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक इन भूकंपों में सबसे तेज भूकंप की तीव्रता 4.6 तक मापी गई है। द्वीप पर लगातार 200 से ज्यादा बार भूकंप महसूस होने से ग्रीस के लोगों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही वे प्राकृतिक आपदा के कारण दहशत में हैं। एहतियात के तौर पर सेंटोरिनी के साथ-साथ पास के अमोरगोस और अनाफी द्वीप में भी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। भूकंप को देखते हुए देश में सभी प्रभावित इलाकों में लोग सतर्क हो गए हैं। अधिकारियों ने सभी लोगों को बड़े इनडोर समारोहों से बचने और द्वीप की राजधानी के ठीक नीचे फिरा के पुराने बंदरगाह सहित कई बंदरगाहों से दूर रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही विशेषज्ञों के अनुसार लगातार तीन दिन से आ रहे भूकंप किसी बड़ी आपदा की ओर इशारा कर रहे हैं।
छुट्टियां मनाने के लिए सबसे बेहतरीन डेस्टिनेशन
सेंटोरिनी द्वीप पर इस बार जहां कई झटके महसूस किए गए हैं, वहीं ऐसा नहीं है कि ऐसा पहली बार हुआ है। सेंटोरिनी द्वीप पर पहले भी भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं, लगातार भूकंप के झटकों के बावजूद इस द्वीप पर पर्यटकों की संख्या पर कोई असर नहीं पड़ा है। द्वीप पर 20 हजार से ज्यादा लोग रहते हैं। वहीं, हर साल 34 लाख से ज्यादा पर्यटक द्वीप पर पहुंचते हैं। इस द्वीप को छुट्टियां मनाने के लिए सबसे बेहतरीन डेस्टिनेशन माना जाता है।
1956 में महसूस किए गए थे शक्तिशाली भूकंप के झटके
इन हालातों के चलते देश में इमरजेंसी कमेटी ने रविवार को बैठक की। इसके बाद अगली बैठक सोमवार को होगी। सेंटोरिनी हेलेनिक ज्वालामुखी आर्क का हिस्सा है, जो यूरोप के सबसे सक्रिय ज्वालामुखी क्षेत्रों में से एक है। अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में महसूस किए गए 200 से ज्यादा भूकंप के झटके टेक्टोनिक गतिविधियों के कारण आए हैं। इससे पहले सेंटोरिनी द्वीप पर सबसे शक्तिशाली भूकंप के झटके वर्ष 1956 में महसूस किए गए थे। इस वर्ष तीव्रता 7.5 मापी गई थी। इन झटकों में 53 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इसके साथ ही द्वीप पर एक तिहाई घर ढह गए थे और लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा था।
अपने 31st बर्थडे पर पति और बेटे के लिए उमड़ा Amy Jackson का प्यार, तस्वीरें शेयर कर कही दिल की बात