India News (इंडिया न्यूज), Terrorists Organizations In Pakistan: 11 मार्च को बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने पाकिस्तान में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर लिया है। बताया जा रहा है कि इस ट्रेन में करीब 100 यात्रियों को बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने बंधक बना लिया था। जबकि कई बच्चों और महिलाओं को रिहा कर दिया गया है। आपको बता दें कि पिछले कुछ समय से बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी और पाकिस्तान सरकार के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है।
BLA ने पाकिस्तान के सुरक्षा बलों और उनके ठिकानों पर भी हमला किया है। लेकिन सिर्फ बलूच आर्मी ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान में और भी खूंखार आतंकी संगठन हैं। जिन्होंने पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तानी सेना का जीना मुश्किल कर रखा है। आइए आपको उनके बारे में बताते हैं।
जैश-ए-मोहम्मद
इस संगठन की स्थापना आतंकी मसूद अजहर ने वर्ष 2000 में की थी। जैश-ए-मोहम्मद ने भारत में भी कई आतंकी हमलों को अंजाम दिया है। यह संगठन अब पाकिस्तान को भी अपने कब्जे में ले रहा है। बढ़ते वैश्विक दबाव के कारण अब पाकिस्तान भी जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ कार्रवाई करने को मजबूर हो गया है। इसके कारण पाकिस्तान सरकार के साथ उसका टकराव बढ़ गया है। यह संगठन अभी भी पूरी तरह सक्रिय है।
इस्लामिक स्टेट – खुरासान
अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र में मौजूद आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट – खुरासान (ISIS-K) पाकिस्तान की सेना के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। यह आतंकी संगठन पाकिस्तान के शिया मुसलमानों और उनके धार्मिक स्थलों पर हमला करता है। इस्लामिक स्टेट – खुरासान के कई आत्मघाती हमलों में अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है।
लश्कर-ए-झांगवी
यह आतंकवादी संगठन 1996 में बना था। इसका मुख्यालय अफ़गानिस्तान में है। यह संगठन शिया मुसलमानों, अहमदियों और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाता है। इसने पाकिस्तान के कई बड़े शहरों में बड़े हमले किए हैं। लश्कर-ए-झांगवी के कई आतंकवादी टीटीपी और अल-कायदा से जुड़े हुए हैं।
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP)
पाकिस्तान में कई आतंकी संगठन सक्रिय हैं। जो कभी भारत पर हमला करते हैं। तो कभी पाकिस्तान को अपने आतंक का निशाना बनाते हैं। साल 2014 में पाकिस्तान के पेशावर में एक स्कूल में दिल दहला देने वाला हमला किया गया था। जिसमें 150 से ज्यादा मासूम स्कूली बच्चों की जान चली गई थी। इस हमले को पाकिस्तान में मौजूद आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने अंजाम दिया है। यह संगठन पाकिस्तान की सेना और पुलिस पर हमले करता रहता है। इसका संबंध अफगानिस्तान के तालिबान से है।