India News (इंडिया न्यूज), Osama Bin Laden: 2 मई 2011 को दुनिया के सबसे कुख्यात आतंकवादी ओसामा बिन लादेन को पाकिस्तान के एबटाबाद में अमेरिकी नेवी सील्स ने मार गिराया था। इस घटना को 14 साल का लंबा अरसा बीत चुका है। यह घटना आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक संघर्ष में मील का पत्थर साबित हुई। ऐसे में आज हम ओसामा बिन लादेन से जुड़े कुछ तथ्यों पर गौर करेंगे। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, सऊदी अरब के रियाद शहर में 10 मार्च 1957 को ओसामा बिन लादेन का जन्म हुआ था। उसका पिता सऊदी अरब की मशहूर कंस्ट्रक्शन कंपनी ‘सऊदी बिनलादिन ग्रुप’ का संस्थापक मुहम्मद अवद बिन लादेन था। ओसामा बिन लादेन उसके 17वें बेटे थे। बताया जाता है कि, उसके पिता के 52 बच्चे थे, जिनमें ओसामा सबसे छोटे थे।
हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई थी पिता की मौत
जानकारी के अनुसार, ओसामा बिन लादेन के पिता की 1967 में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी। ओसामा ने 17 साल की उम्र में पहली शादी सीरियाई महिला नजवा से की थी, जिनसे उनके 10 बच्चे हुए। इसके बाद उन्होंने खदीजा, खैरिया, सिहाम, नजवा और अमल से भी शादी की। उसके कुल 26 बच्चे थे। उसकी पत्नी अमल के अनुसार, ओसामा के साथ उसका जीवन कठिन था और वह कई बार उसके साथ यात्रा करती थी।
शुरुआत में सामान्य जीवन जीता था लादेन
ओसामा बिन लादेन की शिक्षा की बात करें तो उसने जेद्दाह के किंग अब्दुल अजीज विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। बताया जा रहा है कि अपने शुरूआती जीवन में वह एक सामान्य जीवन जीता था, लेकिन विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने के दौरान वह कट्टरपंथी विचारधाराओं के संपर्क में आया। स्नातक की डिग्री हासिल करने के बाद वह निर्माण व्यवसाय में अपने पिता की मदद करने लगा, लेकिन जल्द ही वह सोवियत संघ के खिलाफ अफगानिस्तान में जिहाद में शामिल होने लगा।
आतंकवाद की ओर कदम
1980 के दशक में अफगानिस्तान में सोवियत संघ के खिलाफ संघर्ष के दौरान, ओसामा ने अल-कायदा संगठन की नींव रखी। 1990 के दशक में, उसने सऊदी अरब में अमेरिकी सैनिकों की उपस्थिति के खिलाफ लड़ाई लड़ी और अंततः 1991 में उसे सऊदी अरब से निकाल दिया गया। इसके बाद, वह सूडान और फिर अफगानिस्तान में रहा, जहां उसने तालिबान शासन के तहत अल-कायदा को मजबूत किया।
लादेन का बड़ा बेटा चला रहा विज्ञापन एजेंसी
अमेरिका में 9/11 के हमलों के बाद अमेरिका ने आतंकी ओसामा बिन लादेन को पकड़ने के लिए एक गुप्त अभियान चलाया था। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने उसके स्थान का पता लगाया और 2 मई 2011 को, अमेरिकी नौसेना के जवानों ने पाकिस्तान के एबटाबाद में उसके आवास पर छापा मारा। इस अभियान में ओसामा बिन लादेन मारा गया और उसके शव को समुद्र में दफना दिया गया। ओसामा बिन लादेन के परिवार के सदस्य अलग-अलग देशों में रहते हैं। उसकी पत्नी अमल और कुछ बच्चे पाकिस्तान में हिरासत में थे, जबकि अन्य सदस्य ईरान में थे। उनके सबसे बड़े बेटे अब्दुल्ला ने अपने पिता की विचारधारा से अलग रास्ता अपनाया और अब एक विज्ञापन एजेंसी चला रहे हैं।