इंडिया न्यूज, मास्को :
रूस की पर्म स्टेट यूनिवर्सिटी में अज्ञात हमलावर ने छात्रों पर कातिलाना हमला करते हुए आठ छात्रों की हत्या कर दी। इस दौरान कई छात्रों के घायल होने की भी सूचना है। जानकारी के अनुसार वारदात सोमवार की है। यूनिवर्सिटी में सबकुछ सामान्य की तरह चल रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात जोकि हथियारों से लैस था ने बिना किसी कारण के अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जिससे यूनिवर्सिटी में हड़कंप मच गया। इस हिंसक वारदात से हर कोई दहशत में आ गया। डर के मारे छात्र जान बचाने के लिए खिड़कियों से नीचे कूदे। जिसके चलते वे घायल भी हो गए।

बचने के लिए खुद को बंद किया

हमलावर से अपनी जान बचाने के लिए छात्रों और अन्य कर्मचारियों ने खुद को कमरों में बंद कर लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मास्को से लगभग 1,300 किलोमीटर (800 मील) पूर्व में स्थित पर्म स्टेट यूनिवर्सिटी में वारदात के तुरंत बाद बंदूकधारी को हिरासत में लिया गया था। इस दौरान संदिग्ध घायल भी हुआ है। इस संबंधी जानकारी देते हुए रूस के गृह मंत्रालय ने बताया कि बंदूकधारी को हिरासत में ले लिया गया। घटना के बाद जांच समिति ने हत्या की जांच शुरू कर दी है। ज्ञात रहे कि रूस में नागरिकों को इस तरह के घातक हथियार रखने पर सख्त प्रतिबंध हैं, लेकिन शिकार, आत्मरक्षा या खेल के लिए इसे खरीदा जा सकता है।

Connect With Us:- Twitter Facebook