India News (इंडिया न्यूज), Victory Day Parade In Russia : रूस और भारत के बीच मजबूत संबंधों से पूरी दुनिया वाकिफ है। दोनों देशों ने मुश्किल वक्त में एक-दूसरे का साथ दिया है। अब इसी कड़ी में पीएम मोदी को हर साल रूस में आयोजित होने वाले विजय दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए औपचारिक रूप से मॉस्को आमंत्रित किया गया है। रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूसी उप विदेश मंत्री एंड्री रुडेंको ने पुष्टि की है कि नई दिल्ली को आधिकारिक निमंत्रण भेजा गया है और उच्च स्तरीय यात्रा की तैयारियां अभी भी चल रही हैं।
आपको बता दें कि हर साल 9 मई को मॉस्को में द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत के प्रतीक के रूप में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस बार 80वां विजय दिवस समारोह मॉस्को में मनाया जाएगा।
क्या पीएम मोदी रूस जाएंगे?
उप विदेश मंत्री ने रूसी सरकारी समाचार एजेंसी TASS को बताया है कि रूस ने कई मित्र देशों के नेताओं को मॉस्को के प्रतिष्ठित रेड स्क्वायर पर होने वाली वार्षिक सैन्य परेड में हिस्सा लेने के लिए इसी तरह का निमंत्रण दिया है। वहीं, जानकारी के मुताबिक भारत सरकार ने TASS को बताया है कि 9 मई को विजय दिवस परेड में भारत का प्रतिनिधित्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इससे यह साफ हो गया है कि पीएम मोदी रूस नहीं जाएंगे।
इस साल के अंत में पुतिन भारत आएंगे
दूसरी तरफ, अगर पुतिन की बात करें तो मॉस्को की तरफ से पुष्टि की गई है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस साल के अंत में भारत आएंगे। फरवरी 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर हमला करने के बाद से यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी।
फिलहाल पुतिन की यात्रा की तारीख अभी तय नहीं हुई है। आपको बता दें कि पीएम मोदी ने आखिरी बार जुलाई 2024 में रूस का दौरा किया था। इससे पहले, उन्होंने 2019 में एक आर्थिक सम्मेलन में भाग लेने के लिए व्लादिवोस्तोक की यात्रा की थी।
चीन के साथ व्यापार करने चले थे यूनुस, भारत ने कर दिया ऐसा खेला, ठप पड़ जाएगा पूरा बांग्लादेश