India News (इंडिया न्यूज), Russia Japan Tension: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के दौरान रूसी लड़ाकू विमानों ने तीन बार जापान में घुसपैठ की कोशिश की है। जापान ने आरोप लगाया है कि रूसी विमानों ने सोमवार को दोपहर 1 से 3 बजे के बीच तीन बार उनके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है। जापान ने आरोप लगाया है कि रूसी विमानों ने होक्काइडो के मुख्य द्वीप पर घुसपैठ करने की कोशिश की है। इस दौरान जापानी विमानों ने रूसी विमानों को चेतावनी दी है। साथ ही पहली बार फ्लेयर्स का भी इस्तेमाल किया है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में जापानी रक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा गया है कि रूसी IL-38 सैन्य गश्ती विमान ने सोमवार को होक्काइडो के पास तीन बार जापानी हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। जापान ने रेडियो संदेशों के जरिए रूसी विमानों को चेतावनी दी।
जापान के पास रूस और चीन का सैन्य अभ्यास
बता दें कि, रूसी विमानों के तीसरी बार जापानी हवाई क्षेत्र में घुसने पर जापानी विमानों ने फ्लेयर्स का इस्तेमाल किया। जापानी सरकार के प्रवक्ता योशिमासा हयाशी ने कहा कि हवाई घुसपैठिए के खिलाफ फ्लेयर्स का यह पहला इस्तेमाल था। जापानी सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि जापान ने इस घुसपैठ के खिलाफ कूटनीतिक तरीका भी अपनाया है। फिलहाल रूस की तरफ से इस घुसपैठ पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब रूस और चीन के युद्धपोत जापान के उत्तरी तट के पास सैन्य अभ्यास कर रहे हैं। दूसरी ओर जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने सोमवार को न्यूयॉर्क में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की से मुलाकात की।
लंबे समय से चल रहा विवाद
दरअसल, होक्काइडो के पास के द्वीपों को लेकर रूस और जापान के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इन द्वीपों को रूस ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान चीन से छीन लिया था। ऐसे में रूसी विमान कभी-कभी जापानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर जाते हैं। इसके विरोध में जापान ने उस क्षेत्र में लड़ाकू विमान तैनात कर दिए हैं। पिछले महीने भी एक रूसी विमान ने जापानी हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया था।