India News (इंडिया न्यूज), Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध को तीन साल से अधिक का समय बीत चुका है। लेकिन ये युद्ध और भी घातक रूप लेता हुआ नजर आ रहा है। हर दिन तबाही की नई बिसारत लिखी जा रही है। बीच-बीच शांति की बात तो होती है लेकिन अंजाम तक नहीं पहुंच पाती है। यूक्रेन के सबसे बड़े ड्रोन हमले के बाद रूस पूरी तरह से बौखला गया है। रूस ने कभी नहीं सोचा होगा कि यूक्रेन रूस के 4000 किलोमीटर अंदर घुसकर उसके एयरबेस को उड़ा सकता है, लेकिन उसने ऐसा कर दिखाया।
रूस को यूक्रेन ने दिया सबसे बड़ा जख्म
अब 5 एयरबेस पर हुए हमले से जो नुकसान हुआ है, वह बहुत बड़ा है, इसलिए रूसी राष्ट्रपति पुतिन का गुस्सा भी जायज है। बस डर यही है कि कहीं रूस यूक्रेन की इस हिमाकत का जवाब अपनी ‘शैतानी’ ताकत से न दे। रूस के सामूहिक विनाश के हथियारों के बारे में पूरी दुनिया जानती है, लेकिन हम जिसकी बात कर रहे हैं, वह वाकई विनाशकारी है। तीन साल से भी ज्यादा समय तक चले इस युद्ध में रूस ने अपनी सामरिक शक्ति का प्रदर्शन तो किया, लेकिन अपने तरकश से उन हथियारों को नहीं निकाला जो पल भर में तबाही ला सकते हैं।
रूस की इन मिसाइलों से मिट जाएगा यूक्रेन का नामोंनिशान
रूस की कुछ घातक मिसाइलें और हथियार ऐसे हैं, जिनसे यूक्रेन तो छोड़िए, उसके आसपास के देश भी खौफ खाएंगे। हम बात कर रहे हैं रूसी शैतान SATAN 2 या RS-28 SARMAT की, जिसे दुनिया का सबसे घातक माना जाता है। जानकारी के अनुसार, अगर रूस RS-28 SARMAT या SATAN-2 का इस्तेमाल करता है तो पूरा इलाका मलबे में तब्दील हो जाएगा। यह यूक्रेन ही नहीं बल्कि वैश्विक स्थिरता के लिए भी खतरा है। रूस की यह मिसाइल एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल है। यह रूस के परमाणु शस्त्रागार का एक हिस्सा है। RS-28 SARMAT को सोवियत काल के R-36 ICBM की जगह लेने के लिए बनाया गया था। पश्चिमी देशों ने इसकी शक्तियों को देखते हुए इसे शैतान नाम दिया है।
क्या है इस मिसाइल की ताकत?
सरमत मिसाइल की ताकत इतनी है कि यह एक साथ 15 परमाणु हथियार ले जा सकती है और अलग-अलग लक्ष्यों पर वार कर सकती है। 116 फीट लंबी सरमत का वजन 220 टन है और इसकी मिसाइल रेंज 6,200 मील से लेकर 11,180 मील तक है, जो अमेरिका और यूरोप तक पहुंच सकती है। इसका अपडेटेड नाम RS-28 SARMAT है। रूस की इस मिसाइल को विध्वंसक कहा जाता है।