India News (इंडिया न्यूज), Biggest Underground Thermal Lake : दुनिया में ऐसे कई रहस्य और अजूबें हैं, जो अभी तक सामने नहीं आए हैं। लेकिन शोधकर्ता लगातार इनकी खोज में लगे हुए हैं। अब इसी कड़ी में वैज्ञानिकों ने दक्षिणी अल्बानिया में एक ऐसा ही अजूबा खोजा है। यहां पर दुनिया की सबसे बड़ी अंडरग्राउंड थर्मल झील की खोज हुई है। मतलब इस झील का पानी पृथ्वी के क्रस्ट के अंदर भू-तापीय प्रक्रियाओं से गर्म होता है। वैसे तो चेक रिपब्लिक के शोधकर्ताओं ने इस झील को चार साल पहले खोजा लिया था, लेकिन उस वक्त उनके पास इसकी जांच के लिए सही उपकरण नहीं थे। इसी के बाद न्यूरॉन फाउंडेशन के मुताबिक टीम ने 2024 में अत्याधुनिक 3D स्कैनर के साथ वापस झील पर पहुंचे। उन्होंने पुष्टि की कि यह छिपा हुआ जलाशय अपनी तरह का सबसे बड़ा है।
वैज्ञानिकों ने इस झील का नाम फाउंडेशन के नाम (न्यूरॉन) पर रखा है। वैज्ञानिकों के मुताबिक झील 138 मीटर लंबी और 42 मीटर चौड़ी है। इस अभियान का नेतृत्व करने वाले मारेक ऑडी ने बताया कि उन्होंने और उनके सहयोगियों ने पहली बार इस छिपी हुई झील की खोज अल्बानिया और ग्रीस की सीमा क्षेत्र में की थी।
ऐसे हुई झील की खोज
ऑडी ने बताया कि अल्बानिया के लेस्कोविक शहर के आसपास खोज के दौरान टीम ने एक पर्वत शृंखला से भाप को निकलते हुए देखा। करीब से निरीक्षण करने पर पता चला कि यह 330 फीट से ज्यादा गहरी खाई से उठ रहा था। आगे उन्होंने बताया कि शोधकर्ता गड्ढे में उतरे और उन्हें गुफाओं का एक बड़ा सिस्टम मिला, जिनमें से कुछ में थर्मल झरने थे और एक में विशाल झील थी। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभियान दल के फोटोग्राफर ने बताया कि, शुरुआती खोज के दौरान, हमने अपने उपकरणों का इस्तेमाल करके एक बुनियादी मानचित्र बनाया। हमे पता चल गया था कि हमने कुछ असाधारण चीज खोज ली है।
झील में 8,335 क्यूबिक मीटर पानी
टीम 2024 में अत्याधुनिक 3D स्कैनर के साथ वापस झील पर पहुंची। इसके बाद इस झील का एक 3D नक्शा बनाया गया। इसके बाद सामने आया कि झील में 8,335 क्यूबिक मीटर पानी है, जोकि लगभग 3.5 ओलंपिक स्विमिंग पूल के बराबर है। शोधकर्ताओं का कहना है कि वह आगे के अध्ययन के लिए एक बार फिर से वापस लौटेंगे। उन्होंने कहा कि वह गुफा के दूसरे हिस्सों को भी देखना चाहते हैं।