India News (इंडिया न्यूज) , Sri Lankan Navy arrested Indian fishermen : बांग्लादेश के बाद अब एक और पड़ोसी देश भारत को तिरछी नजर दिखा रहा है। यहां पर हम श्रीलंका की बात कर रहे हैं। असल में जानकारी के मुताबिक शनिवार (11 जनवरी) को रात में श्रीलंकाई नौसेना ने मन्नार के उत्तर में समुद्री क्षेत्र में एक विशेष अभियान चलाकर 8 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा श्रीलंकाई नौसेना ने उनकी दो मछली पकड़ने वाली नाव को भी जब्त कर लिया है। इसको लेकर श्रीलंकाई नौसेना की तरफ से बयान भी सामने आया है।
बयान में कहा गया है कि, 11 जनवरी की रात को उत्तर मध्य नौसेना कमान ने भारतीय मछली पकड़ने वाली नौकाओं को श्रीलंकाई जल में अवैध रूप से मछली पकड़ते हुए देखा। इसके बाद फास्ट अटैक क्राफ्ट और अन्य नौसेना यूनिट्स को तैनात किया गया, जिसने इन नौकाओं को जब्त कर मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया। इन मछुआरों को ईरानतिवु द्वीप लाया गया और उन्हें किलिनोच्ची के सहायक मत्स्य निदेशालय को सौंपा जाएगा।
भारत और श्रीलंका के बीच मछली पकड़ने को लेकर विवाद
मछली पकड़ने और मछुआरों का मुद्दा भारत-श्रीलंका के बीच काफी समय से बड़ा मुद्दा बना हुआ। इसी कड़ी में पाल्क स्ट्रेट, जो दोनों देशों के बीच मछली पकड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। विवाद का केंद्र बना रहता है। अनजाने में मछुआरे एक-दूसरे के क्षेत्र में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे नौसेना की ओर से गिरफ्तारी और नौकाओं की जब्ती की घटनाएं सामने आती हैं।
इस मुद्दे को लेकर दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों को ऐसे समझ सकते हैं कि साल 2024 में श्रीलंकाई नौसेना ने अपने जल क्षेत्र में वैध मछली पकड़ने के आरोप में 529 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था। बता दें मछली पकड़ने और मछुआरों का मुद्दा अभी का नहीं है बल्कि दशकों पुराना है और इसका सबसे ज्यादा असर तमिलनाडु के मछुआरों पर पड़ता है।