India News (इंडिया न्यूज), China Storm Alert : भारत के पड़ोसी देश चीन में एक बड़ा संकट आने वाला है। इसको लेकर चीन सरकार ने लाखों लोगों को चारदीवारी के अंदर रहने के खास निर्देश जारी किए हैं। फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों को जल्दी घर लौटने की सलाह दी गई है।
संकट के चलते इस वीकेंड स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। दरअसल, इसके पीछे की वजह इस वीकेंड चीन में चलने वाली तेज हवाएं हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये हवाएं हल्के लोगों (खासकर 50 किलो तक वजन वाले लोगों) के लिए खतरा पैदा करती हैं। तेज हवाओं के कारण उनके उड़ जाने का डर है।
मंगोलिया से आ रहा है खतरा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार से रविवार तक बीजिंग, तियानजिन और हेबेई में 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और इसके पीछे की वजह पड़ोसी देश मंगोलिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलिया से दक्षिण-पूर्व की ओर ठंडी हवा चल रही है। इसको लेकर राजधानी बीजिंग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आपको बता दें कि एक दशक में पहली बार ऐसा किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को सबसे तेज़ हवाएँ चलने पर बीजिंग में तापमान 24 घंटे के भीतर 13 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की उम्मीद है।
इस तूफ़ान के कारण कई खेल आयोजन स्थगित कर दिए गए हैं। बीजिंग मौसम विभाग का कहना है कि हवाएँ बहुत तेज़ होंगी। इनका असर बड़े क्षेत्र पर पड़ेगा, जो विनाशकारी साबित हो सकता है। चीन 1 से 17 के पैमाने पर हवा की गति को मापता है। चीन मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताहांत 11वें स्तर की हवाएँ चलेंगी, जो गंभीर नुकसान पहुँचा सकती हैं। 12वें स्तर की हवाएँ अत्यधिक विनाश लाती हैं।
जंगल की आग को लेकर भी अलर्ट
इन सबके अलावा, बीजिंग ने जंगल की आग को लेकर भी अलर्ट जारी किया है और लोगों को बाहर आग जलाने से मना किया है। इसके अलावा, शहर भर में हज़ारों पेड़ों को गिरने से बचाने के लिए उन्हें मज़बूत किया गया है या उनकी छंटाई की गई है। अधिकारियों ने लोगों को पहाड़ों और जंगलों में जाने से बचने की चेतावनी दी है, जहाँ हवाएँ विशेष रूप से तेज़ होने की उम्मीद है।