India News (इंडिया न्यूज),Pakistan: पाकिस्तान में करीब 5 लाख की आबादी वाले अहमदिया मुस्लिम समुदाय को इस बार बकरीद मनाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मरियम नवाज सरकार के तहत लाहौर हाई कोर्ट बार एसोसिएशन (LHCBA) ने पंजाब पुलिस को पत्र लिखकर सख्त निर्देश दिए हैं कि अहमदिया समुदाय के लोगों को कुर्बानी, ईद की नमाज और इस्लामी रस्में अदा करने से रोका जाए। साथ ही उनसे हलफनामा भी भरवाया जा रहा है कि वे इस बार बकरीद की कोई भी धार्मिक परंपरा नहीं निभाएंगे।
अहमदिया समुदाय को मुसलमान नहीं मानता पाकिस्तान
LHCBA का कहना है कि यह त्योहार मुसलमानों का है और इसकी धार्मिक गतिविधियां केवल वही लोग कर सकते हैं जिन्हें कानूनी तौर पर मुसलमान माना जाता है। पाकिस्तान का कानून अहमदिया समुदाय को मुसलमान नहीं मानता, इसीलिए उन्हें इस्लामी प्रतीकों और रस्मों का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।
कानून और आरोपों का हवाला इस पत्र में दावा किया गया है कि “इस्लामी प्रतीकों और रस्मों” का इस्तेमाल करके अहमदिया लोग न सिर्फ संविधान का उल्लंघन कर रहे हैं बल्कि आम मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचा रहे हैं। बार एसोसिएशन ने कहा कि यह कृत्य पाकिस्तान के संविधान, दंड संहिता और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के खिलाफ है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि ईद पर अहमदिया समुदाय के लोगों के जमा होने पर रोक लगाई जाए और धार्मिक गतिविधियों में भाग लेने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
भरे जा रहे हैं शपथ पत्र
इस पूरे मामले पर पंजाब गृह विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 2023 की अधिसूचना के तहत अहमदिया समुदाय के लोगों द्वारा शपथ पत्र और इम्युनिटी बॉन्ड पहले से ही भरे जा रहे हैं। इसमें उन्हें वादा करना होगा कि वे न तो ईद की नमाज अदा करेंगे, न ही कुर्बानी देंगे और न ही इस्लामी प्रतीकों का इस्तेमाल करेंगे। अगर वे ऐसा कुछ करते हैं तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। ये कदम पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 298-बी और 298-सी के तहत उठाए जा रहे हैं, जो अहमदिया समुदाय की इस्लामी पहचान और धार्मिक अभिव्यक्ति पर रोक लगाती है।
मानवाधिकार संगठनों की प्रतिक्रिया
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इसे खुला भेदभाव बताया है। उनका कहना है कि ये नियम अहमदिया समुदाय के धार्मिक अधिकारों का हनन करते हैं और धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला हैं। पाकिस्तान में अहमदिया मुसलमानों की आबादी लाखों में है, लेकिन उन्हें लगातार हाशिए पर रखा जा रहा है।
RCB के जीत के पीछे देश के सबसे बड़े चोर का हाथ ? खुद भगोड़े ने किया खुलासा, सुन BCCI भी दंग