India News (इंडिया न्यूज),Pakistan Train Hijack:बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान पर सबसे बड़ा हाईजैक हमला किया है। ट्रेन में सवार 140 पाकिस्तानी सेना के जवानों को बंधक बना लिया गया है। अब तक बलूच विद्रोहियों ने दावा किया है कि 30 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। इस बीच, पाकिस्तानी सेना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 104 बंधकों को मुक्त करा लिया है और बचाव अभियान जारी है। BLA और सेना के बीच गोलीबारी जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने BLA द्वारा बंधक बनाए गए 104 लोगों को बचा लिया है। बचाए गए लोगों में 58 पुरुष, 31 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल हैं। साथ ही, बाकी यात्रियों को सुरक्षित बचाने के लिए सुरक्षाकर्मी लगातार बचाव अभियान में लगे हुए हैं। सेना की अब तक की कार्रवाई में 23 BLA लड़ाके मारे गए हैं, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा बलों की कार्रवाई के चलते आतंकी छोटे-छोटे समूहों में बंट गए हैं। वहीं, घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजा गया है, जिसे मोर्चे पर तैनात किया गया है।

ट्रेन में सवार थे 450 से ज्यादा यात्री

दरअसल, कल जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान के क्वेटा से पेशावर के लिए रवाना हुई थी और जैसे ही यह बोलन पहुंची, बीएलए के लड़ाकों ने ट्रेन पर हमला कर दिया। लड़ाकों ने बोलन के पास ट्रेन को हाईजैक कर लिया। ट्रेन में 450 से ज्यादा यात्री सवार थे। इसमें पाकिस्तानी सेना के 140 जवानों को बंधक बना लिया गया था। पाकिस्तान ने हवाई हमले की तैयारी की, लेकिन बलूच लड़ाकों ने धमकी दी थी कि अगर हवाई हमला हुआ तो सभी 140 जवान मारे जाएंगे। यह हमला बलूच अलगाववादियों द्वारा पाकिस्तानी सेना पर किए गए अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक है।

ट्रैक को उड़ाकर रोका गया ट्रेन

रेलवे ट्रैक को उड़ाकर जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को रोका गया। इसके बाद ट्रेन को सुरंग में ले जाया गया। ट्रेन में पाकिस्तानी सेना, पुलिस, आतंकवाद निरोधी बल (एटीएफ) और इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के सक्रिय जवान सवार थे। ये सभी छुट्टी पर पंजाब जा रहे थे। बलूच लड़ाकों ने इन्हें निशाना बनाकर हमला कर दिया। बीएलए की आत्मघाती इकाई मजीद ब्रिगेड ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। बलूच लड़ाके सालों से अलग बलूचिस्तान देश की मांग कर रहे हैं और इस हमले की प्लानिंग पहले से ही की जा रही थी।

विद्रोही संगठन

कुछ दिन पहले ही बलूच समूहों ने पाकिस्तान और चीन के खिलाफ नए हमले का ऐलान किया था। बलूच लड़ाकों ने हाल ही में सिंधी अलगाववादी समूहों के साथ युद्ध अभ्यास खत्म किया है। अब विद्रोही संगठन पाकिस्तानी सेना के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं। सिंधी और बलूच संगठनों के एक साथ आने से पाकिस्तान में CPEC परियोजनाओं के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है।

BRAS की बैठक

पिछले महीने BRAS यानी बलूच राजी अजोई संगर की एक बैठक हुई थी। इस बैठक में बलूच लिबरेशन आर्मी, बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट, बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स, सिंधी लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन, सिंधु देश रिवोल्यूशनरी आर्मी के कमांडरों ने हिस्सा लिया था। इस बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ बड़े ऑपरेशन का प्रस्ताव रखा गया था। बैठक के कुछ ही दिनों बाद पाकिस्तान में ट्रेन अपहरण की घटना से शाहबाज सरकार मुश्किल में पड़ गई।

प्रदेश के विभिन्न नगर निगमों, नगर परिषदों तथा नगर पालिकाओं की मतगणना 12 मार्च को, सुबह 8 बजे से होगी शुरू, इसी दिन परिणाम किये जाएंगे घोषित

युजवेंद्र चहल बने पंजाब किंग्स के नए ओपनर? IPL 2025 से पहले मज़ेदार वीडियो वायरल

होली के दिन इतने बजे तक बंद रहेंगी मेट्रो सेवाएं, DMRC की ताजा अपडेट जान लें …वरना भटकते रह जाएंगे!