India News (इंडिया न्यूज), US Army Black Hawk Helicopter: 1 मई, 2025 को अमेरिका में कुछ ऐसा घटित हुआ जो अमेरिका जैसे विकसित देशों में शोभा नहीं देती है। खैर तकनीक कभी-कभी धोखा दे देती है। दरअसल, पूरा मामला ये है कि, 1 मई को अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में सेना के एक हेलीकॉप्टर का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से करीब 20 सेकंड के लिए संपर्क टूट गया था। यह घटना पेंटागन के पास हुई, जहां हेलीकॉप्टर उतरने वाला था। संपर्क टूटने की वजह से रोनाल्ड रीगन एयरपोर्ट पर दो यात्री विमानों की लैंडिंग रोकनी पड़ी।
अमेरिकी सेना ने किया इसका खुलासा
अमेरिकी सेना ने खुद इसका खुलासा किया है। सेना के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ब्लैक हॉक था और यह तय रूट पर उड़ान भर रहा था। यह समस्या होने के पीछे का कारण भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक अस्थायी कंट्रोल टावर एंटीना ऐसी जगह लगाया गया था, जहां से हेलीकॉप्टर से उसकी कम ऊंचाई वाली उड़ान के दौरान संपर्क नहीं हो सकता था। हालांकि, अब उस एंटीना को पेंटागन की छत पर शिफ्ट कर दिया गया है। वाशिंगटन एयरपोर्ट पर मौजूद कंट्रोलर भी हेलीकॉप्टर की सही लोकेशन नहीं जान पा रहे थे, जबकि वह लगातार डेटा भेज रहा था। एफएए (फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन) ने कहा कि कई स्रोतों से मिले डेटा स्पष्ट नहीं थे।
कितना खतरनाक है कोरोना का नया वेरिएंट? दुनिया के अलग-अलग देशों से आई राहत भरी खबर, लेकिन…
2 विमानों की रोकी गई लैंडिंग
इससे पहले एफएए के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया था कि हेलीकॉप्टर शायद दौरे पर था, लेकिन सेना के रिकॉर्ड बताते हैं कि यह आई-395 हाईवे (रूट 5) से उड़कर सीधे पेंटागन की ओर चला गया। इस घटना के कारण डेल्टा एयरलाइंस और रिपब्लिक एयरवेज के दो विमानों की लैंडिंग रोक दी गई थी।
जनवरी में हुआ था बड़ा हादसा
जनवरी 2025 में इसी इलाके में एक यात्री विमान और सेना के हेलीकॉप्टर के बीच हुई टक्कर में 67 लोगों की जान चली गई थी। मार्च में उस रूट पर हेलीकॉप्टर उड़ाने पर रोक लगा दी गई थी। अब मई में हुई इस घटना के बाद सेना ने पेंटागन के आसपास की सभी उड़ानें रोक दी हैं और एफएए के साथ मिलकर सुरक्षा की समीक्षा कर रही है।