India News (इंडिया न्यूज),Finland:यूक्रेन पर हमले के बाद रूस की गतिविधियां अब एक नए मोर्चे की ओर इशारा कर रही हैं। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि रूस ने फिनलैंड की सीमा के बेहद करीब चार अहम ठिकानों पर बड़ी सैन्य तैनाती शुरू कर दी है। ऐसे समय में जब तुर्की में यूक्रेन और रूस के बीच संभावित बैठक की चर्चा है, व्लादिमीर पुतिन की यह खामोश तैयारी यूरोप को गहरी चिंता में डाल रही है। स्वीडन के राष्ट्रीय प्रसारक एसवीटी ने प्लैनेट लैब्स की सैटेलाइट तस्वीरें जारी की हैं, जिसमें चार रूसी ठिकानों कामेनका, पेट्रोज़ावोडस्क, सेवेरोमोर्स्क-2 और ओलेन्या पर सैन्य गतिविधियां तेजी से बढ़ती नजर आ रही हैं। कामेनका फिनलैंड की सीमा से महज 35 मील की दूरी पर स्थित है। इस इलाके में फरवरी से अब तक 130 से ज्यादा सैन्य टेंट लगाए जा चुके हैं।
माना जा रहा है कि यहां करीब 2,000 सैनिकों को रखा जा सकता है। वहीं पेट्रोज़ावोडस्क फिनलैंड की सीमा से 109 मील की दूरी पर तीन बड़े स्टोरेज हॉल बनाए गए हैं, जहां 50-50 बख्तरबंद गाड़ियां रखी जा सकती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ये हॉल असली संख्या छिपाने के लिए बनाए गए हैं। तीसरा स्थान सेवेरोमोर्स्क-2 है, यहां सैटेलाइट इमेज में कई हेलिकॉप्टर देखे गए हैं। रूस के हवाई ऑपरेशन के लिहाज से इस बेस को अहम माना जाता है। चौथा है ओलेन्या, यूक्रेन के मुताबिक इस बेस से कई बार उनकी जमीन पर हमले किए जा चुके हैं। यहां नई हलचलें भी देखी गई हैं।
नाटो में शामिल होने के बाद बढ़ा तनाव
रूस की यह तैयारी ऐसे समय में हो रही है, जब फिनलैंड और स्वीडन हाल ही में नाटो का हिस्सा बने हैं। 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद फिनलैंड अप्रैल 2023 में नाटो में शामिल हो गया। इसके बाद मार्च 2024 में स्वीडन भी नाटो का हिस्सा बन गया। रूस लगातार नाटो पर आक्रामक होने का आरोप लगाता रहा है और उसने जरूरी कदम उठाने की बात कही है। अब ये तस्वीरें उस चेतावनी को सच साबित करती दिख रही हैं।
क्या रूस फिर से यूक्रेन जैसा कदम उठाएगा?
सैटेलाइट तस्वीरों ने 2021 की यादें ताज़ा कर दी हैं, जब यूक्रेन की सीमा पर इसी तरह की हरकतों के बाद 2022 में रूस ने हमला किया था। फ़िनलैंड के डिप्टी चीफ ऑफ़ डिफेंस लेफ्टिनेंट जनरल वेसा विरटेनन का कहना है कि रूस नाटो की एकता की परीक्षा ले रहा है। स्वीडन के रक्षा प्रमुख माइकल क्लेसन ने भी कहा, “जब हम नाटो में शामिल हुए थे, तो रूस ने कहा था कि वह जवाब देगा, अब यह सच साबित हो रहा है।