India News (इंडिया न्यूज), Donald Trump:अमेरिका में एक बार फिर ट्रंप युग की शुरुआत हो गई है। उन्होंने राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है। वे अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बन गए हैं। इस तरह अमेरिका की सत्ता दूसरी बार उनके हाथ में आ गई है। ट्रंप के शपथ लेने से पहले जेडी वेंस ने अमेरिका के उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली थी।उन्होंने एक इनडोर समारोह में शपथ ली जो अमेरिकी इतिहास में दूसरी बार हुआ। यह फैसला कड़ाके की ठंड के बाद लिया गया।
विशेष विमान के जरिए वाशिंगटन पहुंचे ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप अपने परिवार के साथ फ्लोरिडा से एक विशेष विमान के जरिए वाशिंगटन पहुंचे। उनकी उड़ान का नाम स्पेशल एयर मिशन-47 रखा गया, क्योंकि वे अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति हैं। इसी वजह से उनकी उड़ान का नाम मिशन-47 रखा गया।
दो बाइबल पर हाथ रखकर ली शपथ
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ले ली है। उन्होंने दो बाइबल पर हाथ रखकर शपथ ली। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की बाइबल पर हाथ रखकर शपथ ली, जिसका पहली बार 1861 में 16वें अमेरिकी राष्ट्रपति को शपथ दिलाने के लिए इस्तेमाल किया गया था। दूसरी बाइबल ट्रंप को उनकी मां ने 1955 में फर्स्ट प्रेस्बिटेरियन चर्च के संडे चर्च प्राइमरी स्कूल से स्नातक होने पर दी थी।
अमेरिका का स्वर्ण युग अभी से शुरू-ट्रंप
अपने देश के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद, ट्रम्प ने अपने संबोधन में कहा, “अमेरिका का स्वर्ण युग अभी से शुरू हो रहा है[…]इस दिन से, हमारा देश फिर से समृद्ध होगा और पूरी दुनिया में इसका सम्मान किया जाएगा। हम हर देश की ईर्ष्या का विषय बनेंगे, और हम खुद को अब और फ़ायदा उठाने की अनुमति नहीं देंगे।””अमेरिका जल्द ही पहले से कहीं ज़्यादा महान, मज़बूत और कहीं ज़्यादा असाधारण होगा।”
2025 अमेरिका के लिए आजादी का दिन-ट्रंप
ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा, अमेरिका के सुनहरे दिन शुरू हो गए हैं। ट्रंप के शासन में अमेरिका फर्स्ट पर फोकस रहेगा। हमारा उद्देश्य अमेरिका को समृद्ध बनाना है। हमारी संप्रभुता बरकरार रहेगी। बाइडेन ने न्यायपालिका का दुरुपयोग किया। ट्रंप ने कहा, बाइडेन ने समाज के ताने-बाने को तोड़ दिया। वह वैश्विक घटनाओं को संभाल नहीं पाए। बाइडेन के शासन में अपराधियों को पनाह मिली। वह सीमाओं की सुरक्षा को लेकर कुछ नहीं कर पाए। ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा, आज पूरा सिस्टम बदलने जा रहा है। अमेरिका अब घुसपैठ नहीं होने देगा। दुनिया हमारा इस्तेमाल नहीं कर पाएगी। ट्रंप ने कहा- लोगों ने मुझे बदलाव के लिए चुना है। मुझे 8 साल से चुनौती दी जा रही थी। मुझे मारने की कोशिश की गई। अब अमेरिका में तेजी से बदलाव होगा। ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा, 20 जनवरी 2025 अमेरिका के लिए आजादी का दिन है। आज स्वतंत्रता दिवस है। भगवान ने मुझे एक खास मकसद से सुरक्षित रखा है।